'ईरान के प्रस्ताव पर गंभीरता से किया जा रहा है विचार'
वाशिंगटन, (भाषा) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह युद्ध समाप्त करने संबंधी ईरान के नए प्रस्ताव की समीक्षा कर रहे हैं लेकिन यदि वह ‘‘कोई गलत हरकत’’ करता है तो उसके खिलाफ सैन्य हमले फिर शुरू किए जा सकते हैं।
ट्रंप ने कहा कि वह ईरान की ओर से भेजे नए प्रस्ताव को विमान में देखने के बाद मियामी में मीडिया से बात करेंगे। ट्रंप ने नए प्रस्ताव बारे सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि वह ‘‘सोच नहीं कर सकते कि यह स्वीकार्य होगा क्योंकि उन्होंने पिछले 47 वर्ष में मानवता और दुनिया के साथ जो किया है, उसकी उन्होंने अब तक पर्याप्त कीमत नहीं चुकाई है।’’ अमेरिकी समाचार वेबसाइट ‘एक्सियोस’ ने बताया कि बृहस्पतिवार को भेजे गए प्रस्ताव में होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने, अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी समाप्त करने तथा ईरान और लेबनान में युद्ध को स्थायी रूप से खत्म करने संबंधी समझौते पर बातचीत के लिए एक महीने की समयसीमा तय की गई है।
‘एक्सियोस’ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि ईरानी प्रस्ताव के अनुसार, ऐसा समझौता होने के बाद ही परमाणु कार्यक्रम पर समझौते की कोशिश के लिए बातचीत शुरू की जाएगी। ट्रंप ने ईरान के पिछले प्रस्ताव को इस सप्ताह यह कहते हुए खारिज किया था कि वह इससे संतुष्ट नहीं हैं। हालांकि, बातचीत जारी है और 3 सप्ताह का युद्धविराम कायम दिख रहा है।