ईरान के साथ अंतिम समझौते की दिशा में बड़ी प्रगति का दावा
वाशिंगटन, (भाषा) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों को सुरक्षित निकालने के लिए जारी ‘‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’’ को रोक दिया है और दावा किया कि ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के समझौते की दिशा में बातचीत में प्रगति हुई है।
ट्रंप ने मंगलवार को ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ईरान के प्रतिनिधियों के साथ एक पूर्ण और अंतिम समझौते की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। पाकिस्तान और अन्य देशों के अनुरोध, ईरान के खिलाफ अभियान के दौरान मिली जबरदस्त सैन्य सफलता और ईरान के प्रतिनिधियों के साथ पूर्ण एवं अंतिम समझौते की दिशा में हुई महत्वपूर्ण प्रगति के आधार पर हमने आपसी सहमति से यह तय किया कि नाकाबंदी पूरी तरह से लागू रहेगी लेकिन ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को थोड़े समय के लिए रोक दिया जाएगा।’’
होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने के कारण फंसे जहाजों को सुरक्षित निकालने के लिए सोमवार को ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ शुरू किया गया। ट्रंप ने रविवार को इस अभियान की घोषणा की थी और यूएस सेंट्रल कमांड ने अगले दिन से इस पर अमल शुरू कर दिया था।
हालांकि, इस प्रोजेक्ट के कारण संकरे समुद्री मार्ग के आसपास तनाव पैदा हो गया जो वैश्विक तेल आपूर्ति के 5वें हिस्से के परिवहन का एक प्रमुख मार्ग है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने दावा किया कि उसके जहाजों पर ईरान ने हमला किया था।
मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ में संवाददाता सम्मेलन में रुबियो ने कहा, ‘‘ऑपरेशन ‘एपिक फ्यूरी’ समाप्त हो गया है। हमने इस अभियान के उद्देश्यों को प्राप्त कर लिया है। हम किसी और तरह की स्थिति उत्पन्न होने की कामना नहीं कर रहे। हम शांति का मार्ग अपनाना चाहते हैं।’’