लेहनानी सेना के 3 सैनिक भी शामिल
बेरूत, (एपी) दक्षिणी लेबनान में इजराइली हवाई हमलों में 3 लेबनानी सैनिकों समेत 9 लोगों की मौत हो गई। लेबनानी सेना और सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी। हमला दोनों पक्षों के बीच नए युद्धविराम समझौते के कुछ दिन बाद हुआ है। सेना ने कहा कि सुबह नबातियेह शहर को मरजायूं कस्बे से जोड़ने वाली सड़क पर एक वाहन पर हुए एक हवाई हमले में एक ब्रिगेडियर जनरल, एक कैप्टन और एक अन्य सैनिक की मौत हो गई। हालांकि, सेना ने उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए।
सरकारी नेशनल न्यूज एजेंसी ने बताया कि सक्साकियाह गांव में हुए एक अन्य हवाई हमले में 6 लोगों की मौत हो गई और 4 व्यक्ति घायल हो गए। सेना ने बयान में कहा, “लेबनान, इसके लोगों और सेना के खिलाफ इजराइल की आक्रामकता से हमारा संकल्प, विश्वास व दृढ़ निश्चय और मजबूत होगा।” उन्होंने कहा कि इजराइल के हमलों का उद्देश्य स्थिरता बहाल करने, व्यापक युद्धविराम स्थापित करने और कब्जे वाले लेबनानी क्षेत्रों से इजराइल की वापसी का मार्ग प्रशस्त करने के प्रयासों को विफल करना है। इजराइली सेना ने एक वाहन को निशाना बनाए जाने की पुष्टि की और कहा कि इस घटना की जांच की जा रही है।
सेना ने एक बयान में कहा कि वह वाहन क्फार तिबनित गांव के पास इजराइली सैनिकों की ओर ‘‘संदिग्ध तरीके से बढ़ रहा था’’, जबकि सेना को ‘‘ठोस संकेत’’ मिले थे कि हिज्बुल्ला इस क्षेत्र से इज़राइली सैनिकों पर गोलीबारी करवाने वाला है। इजराइली सेना ने कहा कि वह हिज्बूल्ला के खिलाफ कार्रवाई करती है, लेबनानी सेना के खिलाफ नहीं तथा घटना की जांच जारी है। लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ ओउन ने इस हमले को ‘‘लेबनान की संप्रभुता व अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन’’ बताया। उन्होंने कहा कि यह हमला लगातार बढ़ते तनाव का हिस्सा है, जो दक्षिणी लेबनान में स्थिरता और सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर रहा है।