हत्या के बाद गर्लफ्रेंड को भेजी थी फोटो
अमेरिका में एक भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर को अपनी ही पत्नी की हत्या के आरोप में 9 महीने तक चली जांच के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का आरोप है कि उसने पत्नी का गला घोंटकर हत्या की थी। अगले दिन उसके शव की फोटो भारत में रहने वाली गर्लफ्रेंड को भेजी।
फिलहाल वह हिरासत में है और उसे जमानत के लिए 50 लाख डॉलर यानी करीब 48 करोड़ रुपए चुकाने होंगे। दोषी साबित होने पर उसे उम्रकैद की सजा हो सकती है। आरोपी की पहचान अविनाश नार्ने (30) निवासी तेलंगाना के रूप में हुई है। वह अमेरिका में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। उसकी शादी 5 जून 2025 को 27 साल की राजिता सब्बिनेनी से हुई थी।
27 अक्तूबर 2025 को अविनाश ने पुलिस को फोन कर कहा कि उसकी पत्नी बाथरूम में बंद है और दरवाजा नहीं खोल रही। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो राजिता का शव अंदर मिला। उसने दावा किया कि वह करीब 40 मिनट के लिए घर से बाहर गया था और लौटने पर पत्नी बाथरूम में बंद मिली।
जांच के दौरान पुलिस ने अपार्टमेंट के स्मार्ट लॉक और सिक्योरिटी सिस्टम का डेटा खंगाला तो पता चला कि उस दौरान कोई भी बाहर से व्यक्ति अंदर नहीं आया था। इसके बाद पुलिस ने किसी बाहरी व्यक्ति के हत्या करने की आशंका खारिज कर दी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि राजिता की मौत गला घोंटने से हुई थी। इसके बाद मामले को हत्या मानकर जांच आगे बढ़ाई गई। जांच में पता चला कि अविनाश की भारत में एक प्रेमिका रहती है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की गर्लफ्रैंड रंजिता और अविनाश की शादी में भी शामिल हुई थी, उसके बाद भी दोनों प्रेम संबंध में रह रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, हत्या वाले दिन अविनाश ने अपनी प्रेमिका को 4 बार कॉल किया था। पुछताछ में अविनाश ने स्वीकार किया के उसने हत्या के ठीक एक दिन बाद रंजिता की हत्या की फोटो भी अपनी प्रेमिका को भेजी थी।