मौके पर पहुंचे कई एम्बुलेंस और 3 हेलीकॉप्टर
गुरुवार को दक्षिणी ब्रिटेन में एक बड़ा हादसा हुआ, जिसमें एक पैसेंजर ट्रेन पटरी से उतर गई। दक्षिणी इंग्लैंड के टूरिस्ट शहर लुईस के पास हुए इस हादसे में कम से कम 3 डिब्बे पलट गए। लंदन के विक्टोरिया स्टेशन से ईस्टबोर्न जा रही सदर्न रेल ट्रेन पटरी से उतर गई। सदर्न रेल और नेटवर्क रेल ने एक जॉइंट बयान में इस घटना की पुष्टि की।
एरियल फुटेज में फायरफाइटर्स और पैरामेडिक्स जमीन पर यात्रियों की मदद करते दिखे। कई एम्बुलेंस और 3 हेलीकॉप्टर मौके पर थे। हादसे में 11 लोग घायल हुए, जिनमें 2 की हालत गंभीर है। यात्री रॉब ब्रैडली ने कहा कि जैसे ही ट्रेन ने स्पीड पकड़ी, वह हिलने लगी। जिस डिब्बे में वह अपनी 6 साल की बेटी के साथ सफर कर रहे थे, वह अचानक ऊपर की ओर उछल गया और ब्रेक लग गए।
इस दौरान सामान आगे की ओर गिर गया। उन्होंने कहा कि ट्रेन काफी देर तक फिसलती रही। पीछे मुड़कर देखने पर उन्होंने पाया कि पिछला हिस्सा खुला हुआ था और अंदर धुआं और धूल भरी हुई थी। पीछे वाला डिब्बा पलट गया और पटरी के किनारे से फिसलकर खेत में जा गिरा।