भूकंप सुबह पांच बजकर 58 मिनट पर इंडोनेशिया के फ्लोरेस क्षेत्र में 10 किलोमीटर की गहराई पर आया
मौमेरे। इंडोनेशिया के तट पर शनिवार तड़के 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया जिससे कई इमारतें एवं मकान ढह गए और कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई। प्राधिकारियों ने बताया कि छह लोग घायल हुए हैं और भूकंप के कारण हुए भूस्खलन के बाद दो अन्य लोग लापता हैं।
प्राधिकारियों ने सुनामी की चेतावनी जारी कर तटीय इलाकों के लोगों से ऊंचे स्थानों पर जाने को कहा था लेकिन बाद में चेतावनी को वापस ले लिया गया। इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी ने कहा कि समुद्र के जलस्तर की निगरानी के दौरान ऐसा कोई उल्लेखनीय बदलाव नहीं पाया गया जिससे तटीय इलाकों के लिए खतरा पैदा हो।
अमेरिका के भूगर्भीय सर्वेक्षण ने बताया कि भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह पांच बजकर 58 मिनट पर इंडोनेशिया के फ्लोरेस क्षेत्र में 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। इसका केंद्र पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत के एंडे शहर से 68 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पश्चिम में था। शुरुआती भूकंप के बाद कई झटके महसूस किए गए।
मौमेरे तलाश एवं बचाव एजेंसी के प्रमुख फतहुर रहमान ने बताया कि बचावकर्मियों ने सिक्का, पश्चिमी मंगराई और पूर्वी मंगराई के तीन प्रभावित क्षेत्रों से कम से कम 20 शव बरामद किए हैं जिनमें मंगराई के रेओक गांव में भूस्खलन के मलबे से निकाले गए आठ शव भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल छह लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रहमान ने बताया कि बचावकर्मी अब भी उन दो ग्रामीणों की तलाश कर रहे हैं, जिनके मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है।
पूर्वी नुसा तेंगारा के पुलिस प्रमुख रूडी दारमोको ने बताया कि भूकंप से भारी नुकसान हुआ है और कई इमारतें ढह गई हैं। उन्होंने कहा कि शहरों और गांवों में बिजली गुल होने के कारण सूचनाएं मिलने और तलाश एवं बचाव अभियान में दिक्कत आ रही है।