क्षतिग्रस्त इमारतों में फंसे लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी
जनरल सैंटोस (फिलीपीन), (एपी) दक्षिणी फिलीपीन में सोमवार को आए भूकंप में कम से कम 37 लोग मारे गए और 32,000 से अधिक लोग विस्थापित हो गए। हालांकि क्षतिग्रस्त इमारतों में फंसे लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान मंगलवार को भी जारी रहा और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी व्यक्ति मलबे में फंसा न रहे।
फिलीपीन में सोमवार सुबह 7.8 तीव्रता का भूकंप आया। दक्षिणी प्रांतों के आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार केवल 4 लोग लापता बताए गए थे लेकिन नागरिक सुरक्षा कार्यालय ने माना कि संभावित जीवित बचे लोगों या हताहतों की तलाश के लिए कई ढह चुकी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त इमारतों का गहन निरीक्षण करने की जरूरत है।
भूकंप का केंद्र फिलीपीन के दूसरे सबसे अधिक आबादी वाले द्वीप मिंडानाओ के पास था। इस भूकंप से लगभग 500 लोग घायल हुए और 32,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए, जिनमें से अधिकतर ने आपातकालीन आश्रयस्थलों में शरण ली।
सुनामी की आशंका के कारण कई लोगों ने अपना घर छोड़ दिया। फिलीपीन में सुनामी की 4.6 फुट ऊंची लहरें उठीं, हालांकि सुनामी से केवल एक तटीय गांव में 6 झोपड़ियों को नुकसान पहुंचने की सूचना मिली। इंडोनेशिया और पलाऊ के साथ-साथ दक्षिणी जापान में भी छोटी लहरें उठीं।
भूकंप से सबसे अधिक जनरल सैंटोस प्रभावित हुआ। 7 लाख की आबादी वाले इस तटीय शहर में भूकंप के कारण इमारतें ढहने और मलबों में दबने से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। नागरिक सुरक्षा कार्यालय के राफेलिटो अलेजांद्रो के अनुसार, सारंगानी प्रांत में कम से कम 18 लोगों की मौत हुई, जिनमें से अधिकतर ग्लान नामक पर्वतीय कस्बे में भूस्खलन में मारे गए। भूस्खलन के कारण कई घर जमींदोज हो गए।
सरकार द्वारा किए गए प्रारंभिक क्षति आकलन के अनुसार, कई प्रांतों में लगभग 2,500 मकान और 117 सरकारी इमारतें और प्रतिष्ठान क्षतिग्रस्त हो गए। जनरल सैंटोस में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बंद रहा, जिसके कारण मानवीय सहायता मिशन पर जाने वाली उड़ानों को छोड़कर 63 घरेलू उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
भूकंप प्रभावित प्रांतों में लगभग 6,000 सरकारी स्कूल भवनों का आकलन करना आवश्यक है, तभी कक्षाएं फिर से शुरू हो सकेंगी। 2 महीने की गर्मियों की छुट्टियों के बाद देशभर में कक्षाएं शुरू होने के पहले दिन ही भूकंप आया था और घायल होने वालों में से अधिकतर छात्र थे जो सुबह ध्वजारोहण समारोह के लिए एकत्र हुए थे।