पुलिस बंदूकधारियों की कर रहे तलाश
टोरंटो: कनाडा के टोरंटो से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां शनिवार रात दुकानों और रेस्टोरेंट से भरे भीड़भाड़ वाले इलाके में अंधाधुंध फायरिंग हुई। इस गोलीबारी में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना उस इलाके में हुई जहां साल्सा डांस फेस्टिवल हो रहा था।
इस घटना के बाद टोरंटो पुलिस ने बिना देर किए घटनास्थल को चारों तरफ से घेर लिया और हमलावर की तलाश के साथ-साथ जांच भी शुरू कर दी है। टोरंटो पुलिस ने एक पोस्ट में कहा कि कृपया तुरंत इलाका छोड़ दें और पुलिस के सभी निर्देशों का पालन करें। कनाडा में पिछले कुछ समय से गोलीबारी की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिसमें हाल ही में मॉन्ट्रियल में हुई गोलीबारी भी शामिल है, जहां एक हमलावर ने एक पुलिस अधिकारी समेत 2 लोगों की हत्या कर दी थी, जिसे बाद में कानून लागू करने वाले अधिकारियों (पुलिस) ने गोली मारकर मार डाला था।