आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
टोरंटो। कनाडा में एडमंटन के एक गुरुद्वारे में 27 वर्षीय व्यक्ति ने पेचकस से हमला कर एक ग्रंथी समेत दो लोगों को घायल कर दिया। प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस यह पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है कि यह हमला घृणा से प्रेरित था या नहीं।
एडमंटन पुलिस सेवा (ईपीएस) ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि यह घटना शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे (स्थानीय समयानुसार) उत्तर-पूर्वी एडमंटन स्थित नानकसर सिख गुरुद्वारे में हुई। आरोपी गुरुद्वारे में दाखिल हुआ और उसने अरदास स्थल में जाने की कोशिश की लेकिन वहां मौजूद कर्मचारियों ने उसे रोक लिया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद झगड़ा बढ़ गया और आरोपी ने 75 और 51 वर्ष के दो लोगों पर हमला कर दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले वहां मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
‘सीबीसी न्यूज’ की खबर के अनुसार, दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया और उनकी चोटें जानलेवा नहीं हैं। उसने बताया कि आरोपी भी घायल हुआ है और उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने इस हमले की निंदा की और सिख समुदाय के प्रति एकजुटता व्यक्त की।
कार्नी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, आज सुबह एडमंटन के नानकसर गुरुद्वारे में हुआ हमला भयावह है। घायल हुए दोनों लोगों और इस भयानक घटना से स्तब्ध पूरे समुदाय के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने कहा, अपने पूजा स्थल पर किसी व्यक्ति को असुरक्षित महसूस नहीं होना चाहिए। मैं त्वरित कार्रवाई करने के लिए एडमंटन पुलिस सेवा का धन्यवाद करता हूं।