रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग ने ली जिम्मेदारी
ओटावा: कनाडा के ब्रैम्पटन में वीरवार को 'दाल-रोटी' नाम के एक भारतीय रेस्टोरेंट के बाहर गोलीबारी की घटना सामने आई। घटना के पीछे रेस्टोरेंट मालिक द्वारा स्टाफ को सैलरी ना देने का बढ़ा कारण बताया जा रहा है। फायरिंग की घटना के बाद राजा पहलवान नाम के सोशल मीडिया अकाउंट से दावा किया गया कि उसने और उसके एक साथी ने रेस्टोरेंट के बाहर गोलीबारी की है। इस फायरिंग के पीछे रोहित गोदरा-गोल्डी बराड़ गैंग को बताया गया है।
राजा पहलवान ने पोस्ट में कहा कि यह फायरिंग रेस्टोरेंट के मालिक को चेतावनी देने के मकसद से की गई थी। इस पोस्ट में रेस्टोरेंट मालिक पर आरोप लगाया गया कि उसने वहां काम करने वाले कई छात्रों की बकाया मजदूरी का भुगतान नहीं किया। ऐसे में इस गोलीबारी को वह एक चेतावनी के तौर पर ले और मसले को हल करे। पोस्ट में दावा किया गया कि बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने की कोशिशें की गई थीं लेकिन ये कामयाब नहीं हो सकी। अगर मामला अनसुलझा रहा तो भविष्य की कार्रवाई में सीधे मालिक के घर को निशाना बनाया जाएगा। पोस्ट में गैंगस्टर रोहित गोदारा को भाई बताया गया है।
इस पोस्ट में शामिल कई हैशटैग में गैंगस्टरों और संगठित आपराधिक समूहों से जुड़े नामों का जिक्र किया गया, जिससे संभावित गैंग की संलिप्तता को लेकर अटकलें और बढ़ गई हैं। ऑनलाइन फैल रही रिपोर्टों में इस घटना को रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ गैंग से जोड़ा गया है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।