मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने इलाके की घेराबंदी कर जांच की शुरू
पेशावर, (भाषा) पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में सोमवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने यातायात पुलिस के एक वाहन पर गोलीबारी की, जिसमें 3 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और 2 नागरिक घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, दक्षिण वजीरिस्तान से सटे टैंक जिले के वजीराबाद इलाके में मोटरसाइकिल सवार हथियारबंद हमलावरों ने पुलिस वाहन पर घात लगाकर हमला किया।
उन्होंने बताया कि हमलावरों ने पुलिस वाहन पर गोलीबारी की और फरार हो गए। इस हमले में 3 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि पास खड़े 2 नागरिक घायल हो गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर दी।
पुलिसकर्मियों के शव और घायलों को जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है।