Who is Shabana Mahmood? कड़े इमिग्रेशन रुख के साथ शबाना महमूद बन सकती हैं ब्रिटेन की पहली मुस्लिम प्रधानमंत्री!
हालांकि कीर स्टॉर्मर के इस्तीफे पर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है।
Who is Shabana Mahmood? ब्रिटेन जोरदार राजनीतिक हलचल का सामना कर रहा है। एपस्टीन फाइल्स के खुलासों ने यूनाइटेड किंगडम की सरकार को हिला कर रख दिया है, जिसने पिछले पांच साल में पांच प्रधानमंत्री देखे हैं। राजनीतिक विश्लेषक बताते हैं कि यहां एक और प्रधानमंत्री के इस्तीफे की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार, पीएम कीर स्टॉर्मर के सहयोगी लगातार इस्तीफा दे रहे हैं।
सोमवार को प्रधानमंत्री के कम्युनिकेशन डायरेक्टर, टिम एलन ने इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले, स्टॉर्मर के चीफ ऑफ स्टाफ, मॉर्गन मैकस्वीनी ने 8 फरवरी को पद से इस्तीफा दिया था। ब्रिटेन की राजनीतिक गलियारों में अब उन नामों पर भी चर्चा होने लगी है, जो प्रधानमंत्री कीर स्टॉर्मर के इस्तीफा देने की स्थिति में देश के नए पीएम बन सकते हैं।
इन नामों में शबाना महमूद (Shabana Mahmood) एक महत्वपूर्ण नाम हैं। शबाना महमूद वर्तमान में ब्रिटेन की प्रभावशाली राजनेताओं में शुमार हैं और वह होम सेक्रेटरी (गृह मंत्री) के पद पर कार्यरत हैं। लेबर पार्टी की सीनियर लीडर होने के नाते, हाल ही में ब्रिटिश राजनीति में कीर स्टॉर्मर के नेतृत्व के संकट के बीच उन्हें अगली प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में प्रमुख दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। यदि वह प्रधानमंत्री बनती हैं, तो वे ब्रिटेन की पहली मुस्लिम प्रधानमंत्री बनेंगी, जो देश के लिए ऐतिहासिक होगा।
शबाना महमूद मौजूदा प्रधानमंत्री कीर स्टॉर्मर की करीबी सहयोगी हैं। इमिग्रेंट्स की बेटी होने के बावजूद, वह ब्रिटेन में इमिग्रेशन नीति पर सख्त रुख अपनाती हैं। यही कारण है कि उन्हें लेबर पार्टी के दक्षिणपंथी वर्ग में खासा समर्थन प्राप्त है। होम सेक्रेटरी के रूप में उन्होंने अनधिकृत इमिग्रेशन पर सख्ती, बॉर्डर कंट्रोल कड़ा करने और परमानेंट रेजिडेंसी के लिए योग्यता अवधि बढ़ाने (5 से 10 साल) जैसे कदम उठाए हैं। इसी वजह से इमिग्रेंट्स की बेटी होने के बावजूद उन्हें इस मामले में हार्डलाइनर के रूप में देखा जाता है।
इससे पहले न्याय मंत्री के तौर पर उन्होंने जेल सुधार, सजा प्रणाली और मानवाधिकारों के क्षेत्र में काम किया। शबाना महमूद मार्गरेट थैचर और बेनजीर भुट्टो को अपनी प्रेरणा मानती हैं। उनका परिवार पाक अधिकृत कश्मीर के मीरपुर से ताल्लुक रखता है। उन्हें प्रधानमंत्री स्टॉर्मर का करीबी, अनुभवी और स्थिर विकल्प माना जाता है।
स्टॉर्मर पर इस्तीफे का दबाव बढ़ गया है। हाल ही में एपस्टीन फाइल्स और पीटर मैंडेलसन से जुड़े विवादों ने कीर स्टॉर्मर पर दबाव और अधिक बढ़ा दिया है। लेबर पार्टी में असंतोष, इस्तीफे और कम अप्रूवल रेटिंग के कारण लीडरशिप बदलने की अटकलें तेज हो गई हैं। यदि शबाना महमूद प्रधानमंत्री बनती हैं, तो यह ब्रिटेन में मुस्लिम प्रतिनिधित्व और विविधता (diversity) के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर होगा।
पीएम की रेस में शबाना महमूद के अलावा ब्रिटेन में अन्य प्रमुख दावेदारों में एंजेला रेनर, वेस स्ट्रीटिंग, एड मिलिबैंड और एंडी बर्नहम शामिल हैं। एंजेला रेनर पूर्व डिप्टी प्राइम मिनिस्टर और लेबर पार्टी की पूर्व डिप्टी लीडर रह चुकी हैं, और पार्टी में उन्हें काफी लोकप्रिय माना जाता है। वेस स्ट्रीटिंग वर्तमान में हेल्थ सेक्रेटरी (स्वास्थ्य मंत्री) हैं, उन्हें अच्छे कम्युनिकेटर माना जाता है और मीडिया में उनकी मजबूत छवि है। एड मिलिबैंड एनर्जी सेक्रेटरी (ऊर्जा मंत्री) हैं, जबकि एंडी बर्नहम ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर और पूर्व कैबिनेट मंत्री हैं। मिलिबैंड लोकप्रिय हैं, लेकिन वर्तमान में वे संसद के सदस्य नहीं हैं।
(For more news apart from Shabana Mahmood, daughter of immigrants and likely to be first Muslim UK PM news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)