Rajpal Yadav Bail Hearing: राजपाल यादव को बड़ी राहत! जमानत मंजूर, पासपोर्ट जमा करने के निर्देश

Rozanaspokesman

मनोरंजन, ट्रेंडिंग

राजपाल को 18 मार्च तक अंतरिम जमानत मिली है।

Delhi High Court Grants Interim Relief To Rajpal Yadav After ₹1.5 Cr Payment

Rajpal Yadav Cheque Bounce Case: मशहूर अभिनेता राजपाल यादव सालों पुराने चेक बाउंस मामले में फंसे हुए हैं। उन पर करीब 9 करोड़ रुपये का कर्ज बताया जा रहा है। सोमवार, 16 फरवरी को दिल्ली उच्च न्यायालय ने उनकी अंतरिम जमानत याचिका पर सुनवाई की। आखिरकार उनके लिए राहत की खबर आई है। 11 दिन बाद राजपाल तिहाड़ जेल से बाहर आ सकेंगे। उन्हें 18 मार्च तक अंतरिम जमानत दी गई है, जिससे वे शाहजहांपुर में अपनी भतीजी की शादी में शामिल हो सकेंगे।

राजपाल यादव के वकील ने हाई कोर्ट को बताया कि 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट (DD) जमा कर दिया गया है। कोर्ट ने उन्हें अपना पासपोर्ट जमा करने का निर्देश भी दिया है। मामले की अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी। गौरतलब है कि अदालत ने अंतरिम जमानत के लिए 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट दोपहर 3 बजे तक जमा करने का समय दिया था। कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि तय समय तक डीडी जमा होने पर रिहाई दे दी जाएगी, अन्यथा सुनवाई अगले दिन 17 फरवरी को की जाएगी।

पिछली सुनवाई के दौरान  दिल्ली उच्च न्यायालय ने अभिनेता राजपाल यादव को कड़ी फटकार लगाई थी। अदालत ने कहा था कि समयसीमा बढ़ाए जाने के बावजूद उन्होंने लोन का भुगतान नहीं किया। कोर्ट ने उनके वकील की ओर से पेश की गई दलीलों को बेबुनियाद बताया।

राजपाल ने अपनी सजा रद्द करने की मांग की थी। इस पर अदालत ने टिप्पणी करते हुए कहा, “जब उन्होंने खुद स्वीकार किया है कि उन्होंने लोन लिया था, तो माफी कैसे दी जा सकती है? उन्हें भुगतान के लिए 25–30 मौके दिए गए, लेकिन वे हर बार असफल रहे।”

कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि वे अदालत के आदेश की वजह से नहीं, बल्कि अपने आचरण के कारण जेल में हैं। राजपाल के वकील के अनुसार, अब तक 3 करोड़ रुपये से अधिक की राशि चुकाई जा चुकी है, जबकि याचिकाकर्ता को 2.10 करोड़ रुपये और जमा करने होंगे।

बता दें कि 2012 में रिलीज़ हुई फिल्म 'अता पता लापता' राजपाल यादव की बतौर निर्देशक पहली फिल्म थी। इस फिल्म के निर्माण के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से उन्होंने 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा। इसके बाद कंपनी ने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन राजपाल भुगतान नहीं कर सके।

मामला अदालत तक पहुंच गया। वर्ष 2018 में मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने कानूनी कार्रवाई करते हुए राजपाल और उनकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कराया। 5 करोड़ रुपये की मूल राशि ब्याज सहित बढ़कर करीब 9 करोड़ रुपये हो गई। इस मामले में अभिनेता दो बार जेल भी जा चुके हैं। कई बार मोहलत मिलने के बावजूद जब भुगतान नहीं हो सका, तो उन्हें सरेंडर करना पड़ा।

इस कठिन समय में राजपाल यादव  को फिल्म इंडस्ट्री से समर्थन मिल रहा है। सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन, डेविड धवन, सोनू सूद, तेज प्रताप यादव, राव इंद्रजीत सिंह, गुरु रंधावा, गुरमीत चौधरी, केआरके और मिका सिंह सहित कई हस्तियों ने मदद का हाथ बढ़ाया है।

(For more news apart from Delhi High Court Grants Interim Relief To Rajpal Yadav After ₹1.5 Cr Payment news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)