IND vs SA, T20 World Cup:'‘अति आत्मविश्वास छोड़ें, हालात के मुताबिक खेलें’, भारत की हार पर भड़के सुनील गावस्कर
भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बल्लेबाजों की नाकामी के कारण सुपर आठ के महत्वपूर्ण मुकाबले में 76 रन से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा।
IND vs SA, T20 World Cup: अपने समय के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर का मानना है कि भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए टी20 विश्व कप मैच से सीख लेकर अपने अहंकार को त्यागना चाहिए। उन्होंने कहा कि टीम को अति आत्मविश्वास के बजाय परिस्थितियों के अनुसार खेलना चाहिए, हर गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजने के प्रयास में नहीं। भारत को इस मैच में बल्लेबाजों की नाकामी के कारण सुपर आठ के अहम मुकाबले में 76 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा।
गावस्कर ने जिओ स्टार से बातचीत में कहा, "भारतीय बल्लेबाजों को ब्रेविस और मिलर की साझेदारी से सीख लेकर उसी तरह का दृष्टिकोण अपनाना चाहिए था। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। वे अधिक आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरे, हर गेंद पर हमला किया और विकेट गंवा बैठे। दक्षिण अफ्रीका हर विभाग में भारत से बेहतर साबित हुआ।"
दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और एक समय उसका स्कोर तीन विकेट पर सिर्फ 20 रन था। हालांकि इसके बाद मिलर और ब्रेविस ने 97 रन की अहम साझेदारी कर टीम को संभाला, जिससे दक्षिण अफ्रीका सात विकेट पर 187 रन तक पहुंच सका। जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गई।
सुनील गावस्कर ने कहा, "भारत ने दक्षिण अफ्रीका से कोई सीख नहीं ली। भारतीय बल्लेबाज क्रीज पर आते ही हर गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे, जबकि टी20 क्रिकेट इस तरह नहीं खेला जाता।"
उन्होंने आगे कहा, "आपको विपक्षी टीम से सीख लेनी चाहिए थी। जब उन्होंने मुश्किल पिच पर अच्छा स्कोर खड़ा किया, तो भारतीय बल्लेबाजों को अहं छोड़कर उनकी पारी का विश्लेषण करना चाहिए था और परिस्थितियों के अनुसार बल्लेबाजी करनी चाहिए थी।"
भारत ने पावरप्ले के अंदर ही अपने शीर्ष तीन बल्लेबाज — ईशान किशन (0), अभिषेक शर्मा (15) और तिलक वर्मा (1) — के विकेट गंवा दिए थे। सुनील गावस्कर ने कहा, "तिलक वर्मा बेहद समझदार बल्लेबाज हैं, लेकिन इस मैच में उनके खेलने के तरीके से मैं निराश था। उन्हें क्रीज पर समय बिताना चाहिए था और साझेदारी बनाने पर ध्यान देना चाहिए था।"
भारत का अगला मुकाबला जिम्बॉब्वे से है। गावस्कर ने कहा कि वह अंतिम एकादश में अक्षर पटेल को देखना चाहेंगे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत ने अक्षर पटेल की जगह वाशिंगटन सुंदर को मौका दिया था।
गावस्कर ने कहा, "जिम्बॉब्वे की टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाज कम हैं, इसलिए मैं चाहूंगा कि अक्षर पटेल की अंतिम एकादश में वापसी हो। आप उन्हें अर्शदीप सिंह की जगह शामिल कर सकते हैं। हालांकि अर्शदीप ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी की थी, ऐसे में वाशिंगटन सुंदर को बाहर बैठना पड़ सकता है।"
(For more news apart from Sunil Gavaskar reacts after India's loss vs SA, says India not getting good starts, news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)