Bihar News: कांग्रेस-राजद को जनता का साथ नहीं मिला, इसलिए रैली बन गई “इज्जत बचाओ यात्रा” : मंत्री नितिन नवीन

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, बिहार

यह घृणित कृत्य कांग्रेस और राजद की विकृत मानसिकता और संस्कारों को उजागर करता है मंत्री नितिन नवीन

Congress-RJD did not get the support of the public Minister Nitin Naveen news in hindi

Bihar News In Hindi : भारतीय जनता युवा मोर्चा, बिहार द्वारा मौर्य लोक कॉम्प्लेक्स में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समीप "इंडी गठबंधन" द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माताजी के लिए अपशब्द कहे जाने के विरोध में “प्रतिकार दिवस” मनाते हुए हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया।

बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री एवं बांकीपुर विधायक नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री की मां को गाली देना सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे भारत की जनता का अपमान है। यह घृणित कृत्य कांग्रेस और राजद की विकृत मानसिकता और संस्कारों को उजागर करता है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को इसका जवाब देना चाहिए कि क्या उनकी खामोशी इस गाली का समर्थन है?

मंत्री नितिन नवीन ने आगे कहा कि आज गांधी मैदान में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव द्वारा बुलायी गई रैली पूरी तरह फ्लॉप रही। जनता नहीं जुटी तो यह रैली जुलूस में बदल गई। 20 अगस्त को गठबंधन द्वारा रैली के लिए आवेदन दिया गया था और 23 अगस्त को प्रशासन ने उसे स्वीकृति देकर अनुमति प्रदान कर दी। लेकिन फिर ऐसी क्या मजबूरी आ गई कि गठबंधन को दोबारा आवेदन देना पड़ा और रैली की जगह जुलूस निकालना पड़ा? क्या जनता ने इन पर भरोसा नहीं दिखाया? जनता को इनसे पूछना चाहिए कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि उनकी तथाकथित रैली अब “इज्जत बचाओ यात्रा” में बदल गई?

सच्चाई यह है कि बिहार की जनता कांग्रेस-राजद के ढोंग और झूठ को समझ चुकी है। यदि इन्हें भीड़ चाहिए थी तो भाजपा युवा मोर्चा को कह देते, हम उनकी मदद कर देते। सरकार ने अनुमति भी दे दी थी, लेकिन जनता इनके बुलावे पर नहीं आई। इसका कारण साफ है बिहार की जनता इनके खोखले वादों और महिलाओं के प्रति अपमानजनक सोच को अच्छी तरह पहचान चुकी है।

मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और राजद का इतिहास महिलाओं के अपमान से भरा पड़ा है। चाहे केंद्र की राजनीति हो या बिहार की महिलाओं को कभी सम्मान नहीं मिला। अब जब कांग्रेस ने प्रधानमंत्री की माता को अपमानित किया है तो यह अपमान हर गरीब, संघर्षशील भारतीय मां का अपमान है। बिहार की जनता किसी भी कीमत पर “मां” का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी।

इस अवसर पर विधायक डॉ. संजीव चौरसिया, अरुण कुमार सिन्हा, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष भारतेंदु मिश्रा, महामंत्री सीमांत शेखर, शशि रंजन, उपाध्यक्ष कुलभूषण, जितेंद्र सिंह, भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अमित प्रकाश बब्लू, भाजपा जिलाध्यक्ष रूपनारायण मेहता सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

(For more news apart from Congress-RJD did not get the support of the public Minister Nitin Naveen news in hindi stay tuned to Rozana Spokesman Hindi)