Bihar Assembly Elections 2025: 'पशुओं का चारा तक हजम कर जाती थी राजद सरकार'- CM योगी

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, बिहार

एनडीए सरकार में विकास के साथ विरासत का भी संरक्षण- CM योगी

'The RJD government even used to consume animal fodder' - CM Yogi news in hindi

Bihar Assembly Elections 2025: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि 20 साल पहले राजद-कांग्रेस की सरकार में जातीय नरसंहारों ने बिहार के युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया था। वे गरीबों का अन्न और पशुओं का चारा तक हजम कर जाते थे। महागठबंधन के एजेंडे में कभी भी गरीब, महिलाएं और बुजुर्ग नहीं रहे। आज देश के 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन मिल रहा है। 50 करोड़ लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिल रहा है। 12 करोड़ घरों में शौचालय बन चुके हैं। 

योगी सोमवार को दीघा विधानसभा क्षेत्र के राजीव नगर में एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी संजीव चौरसिया के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लोकसभा चुनाव में प्रचंड विजय के लिए दीघा की जनता का आभार जताया और विधानसभा चुनाव में भी भगवा परचम लहराने की अपील की। कहा कि एनडीए सरकार बनते ही छह माह के भीतर राजीव नगर की समस्या का समाधान हो जाएगा। 

योगी ने कहा कि एनडीए सरकार में विकास के साथ विरासत का भी संरक्षण हो रहा है। यूपी के लोग बिहार को ननिहाल मानते हैं। इसी अटूट संबंध को कायम रखने के लिए अयोध्या के बाद अब सीतामढ़ी में मां जानकी का भव्य मंदिर बन रहा है। अयोध्या को सीतामढ़ी से जोड़ने का काम तेजी से जारी है। सूबे में नए शहर बस रहे हैं। कई शहर स्मार्ट सिटी के तौर पर विकसित हो रहे हैं। आज बिहार खुद को सेमीकंडक्टर के हब के रूप में स्थापित कर रहा है। 

प्रत्याशी संजीव चौरसिया ने अपने संबोधन में 10 साल की उपलब्धियां गिनाईं और अगले पांच साल के रोडमैप का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राजीव नगर, नेपाली नगर और दीघा की 1024.52 एकड़ भूमि व आवास की समस्या का स्थायी समाधान आखिरी चरण में है। सभा को भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने भी संबोधित किया। चौरसिया ने योगी को हनुमान गदा भेंट कर सम्मानित किया। योगी जब तक मंच पर रहे, युवाओं की भीड़ वंदे मातरम और जय श्री राम का उद्घोष करती रही। वे तय कार्यक्रम से एक घंटे पहले सभा स्थल पर पहुंच गए।     

सभा में यूपी के मंत्री दयाशंकर सिंह, विधान पार्षद अदिति सिंह, पूर्व संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह, पूर्व विधान पार्षद किरण घई के अलावा बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

(For more news apart from 'The RJD government even used to consume animal fodder' - CM Yogi news in hindi, stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)