Bihar Politics: बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर, मांझी की पार्टी के कई नेता जसुपा में शामिल

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, बिहार

कई नेताओं ने थामा जसुपा का दामन।

Major upheaval in Bihar politics, several leaders from Manjhi's party join JSUPA news in hindi

Patna News: जन सुराज पार्टी का कुनबा लगातार बढ़ता जा रहा है। पार्टी की नीतियों व सूत्रधार प्रशांत किशोर के विचारों से प्रभावित होकर अलग अलग राजनीतिक दलों के लोग जन सुराज में शामिल हो रहे हैं। इसी क्रम में आज रविवार को गया जी जिले से आए हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के कई वरिष्ठ नेताओं ने जन सुराज पार्टी की सदस्यता ली।

पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने पीला गमछा ओढ़ाकर सभी का स्वागत किया। पार्टी में शामिल होने वालों में मुख्य तौर पर ‘हम’ के SC/ST प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे राजेश्वर मांझी, राष्ट्रीय महासचिव रहे डॉ शशि यादव, प्रदेश महासचिव लक्ष्मण मांझी, प्रदेश सचिव राकेश कुमार सिंह, प्रदेश युवा सचिव सुनील चंद्रवंशी, पार्टी नेता व जिला परिषद सदस्य पार्वती देवी और गणेश मांझी हैं।

पार्टी की सदस्यता ग्रहण के बाद सभी ने जन सुराज के वरिष्ठ नेता सुभाष सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में पत्रकारों से बात की। इस दौरान सुभाष सिंह कुशवाहा ने कहा कि पूरे बिहार में जन सुराज पार्टी की नीति और सिद्धांत पर लोग चल रहे हैं। सभी पोलिटिकल पार्टियों के लोग जन सुराज में आ रहे हैं। 

वहीं डॉ शशि यादव ने कहा कि बिहार बदल रहा है। अब तक हमलोग दूसरे के बेटे-बेटी और बहू को मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायक बनाने के लिए काम करते आए हैं। लेकिन अब जैसा प्रशांत किशोर जी कह रहे हैं हमलोग अपने बच्चों का भविष्य बदलने के लिए काम करेंगे। हमलोग अब प्रशांत जी के हाथों को मजबूत करेंगे। 

राजेश्वर मांझी ने कहा कि प्रशांत किशोर की विचारधारा गरीबों के लिए है। बिहार अभी बदलाव की ओर बढ़ रहा है। इसलिए हमलोग प्रशांत जी के साथ चलने के लिए आगे आए हैं। मैं मांझी जी को पितातुल्य मानता हूं। उन्हें कई बार कहा भी कि पार्टी भटक गई है। पार्टी के लोग अब पूंजीपतियों के साथ हैं। लेकिन उन्होंने मेरी बात नहीं मानी। इसलिए हमलोगों ने सामूहिक तौर पर पार्टी से इस्तीफा दे दिया। 

लक्ष्मण मांझी ने कहा कि प्रशांत किशोर की विचारधारा युवाओं के विकास के लिए है। जन सुराज पहली पार्टी है जो बिहार के बच्चों का पलायन रोकने और उन्हें आगे बढ़ाने की बात कर रही है। ‘हम’ पार्टी का मतलब अब जीतन राम मांझी, संतोष मांझी, ज्योति मांझी ही रह गए हैं। 

पार्वती देवी ने कहा कि हमलोग मांझी जी की पार्टी का रवैया देखकर बहुत निराश हो गए हैं। उनको अब सिर्फ अपना परिवार दिख रहा है। इसलिए हमलोग अब प्रशांत किशोर जी का हाथ मजबूत करना चाहते हैं। 

(For more news apart from Major upheaval in Bihar politics, several leaders from Manjhi's party join JSUPA news in hindi, stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)