स्वर्गीय कामेश्वर चौपाल की प्रथम पुण्यतिथि पर दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, बिहार

उन्होंने 9 नवंबर 1989 को अयोध्या में राम मंदिर शिलान्यास के दौरान पहली ईंट रखी थी

स्वर्गीय कामेश्वर चौपाल की प्रथम पुण्यतिथि पर दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

फुलवारी शरीफ : स्वर्गीय कामेश्वर चौपाल की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर राजनीतिक गलियारे के दिग्गज नेताओं ने उनके तेल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर नेताओं ने उनके सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक योगदान को याद किया।

गौरतलब है कि कामेश्वर चौपाल का जन्म 24 अप्रैल 1956 को बिहार के सुपौल जिले के मरौना प्रखंड स्थित कमरैल गांव में हुआ था। उन्होंने 9 नवंबर 1989 को अयोध्या में राम मंदिर शिलान्यास के दौरान पहली ईंट रखी थी। एक दलित समाज से आने वाले व्यक्ति को यह सम्मान मिलना उस समय सामाजिक समरसता और हिंदू एकता का प्रतीक माना गया। इसी घटना के बाद वे “पहले कारसेवक” के रूप में देशभर में प्रसिद्ध हुए और राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल हो गए।

कामेश्वर चौपाल ने “रोटी के साथ राम” का नारा दिया, जो सामाजिक न्याय और धार्मिक आस्था के समन्वय का प्रतीक बना। राम मंदिर आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े और लंबे समय तक सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे।

स्वर्गीय चौपाल का निधन 6 फरवरी 2025 को नई दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद हो गया था। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई राष्ट्रीय नेताओं ने शोक व्यक्त किया था।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित नेताओं ने कहा कि कामेश्वर चौपाल का जीवन सामाजिक समरसता, धार्मिक आस्था और राजनीतिक सक्रियता का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने अपने कार्यों से यह सिद्ध किया कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए समर्पण, साहस और दृढ़ संकल्प आवश्यक है।

इस श्रद्धांजलि सभा में समाज कल्याण मंत्री एवं पूर्व बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, विधायक संजीव चौरसिया, फुलवारी शरीफ विधायक श्याम रजक, मधुबनी विधायक माधव आनंद, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनामिका पासवान सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।