Patna News: सिवान में कार्यकर्ताओं संबोधित किया मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, बिहार

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास में केन्द्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है।

Chief Minister Nitish Kumar addressed the workers in Siwan news in hindi

Patna News In Hindi: पटना, (राजेश चौधरी), मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार आज सिवान जिला के पचरुखी प्रखंड के पपौर ग्राम में डी०वी०एम० ग्लोबल स्कूल के परिसर में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मुझे प्रगति यात्रा की योजनाओं के स्थल भ्रमण एवं शिलान्यास के लिए सिवान जिला के बड़हरिया में आने तथा आपसे बातचीत करने का मौका मिला है।

बहुत खुशी की बात है कि इस कार्यकर्ता संवाद में आप सब लोग उपस्थित हैं। मैं आपका अभिनंदन करता हूँ। आप सब जानते हैं कि पहले की सरकार ने कोई काम नहीं किया। पहले बहुत बुरा हाल था। कांग्रेस और राजद की सरकार ने कोई काम नहीं किया। कुछ दिनों के लिए हम उनके साथ थे लेकिन जब वे गड़बड़ करने लगे तो हम उनसे अलग हो गए। भाजपा और जदयू का पुराना संबंध है। हमलोग साथ मिलकर राज्य और देश के विकास के लिए काम कर रहे हैं।

हमलोग हमेशा साथ रहेंगे। जब 24 नवंबर, 2005 को एन०डी०ए० की सरकार बनी थी, तब से हमलोग बिहार के विकास में लगे हुये हैं। राज्य में कानून का राज है। सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। शुरू से ही शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर सड़कों, पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया है। सात निश्चय के तहत हर घर तक बिजली, हर घर नल का जल, हर घर शौचालय तथा टोलों को पक्की सड़कों से जोड़ने का काम पूरा हो गया है। वर्ष 2020 में युवाओं को 10 लाख सरकारी नौकरी एवं 10 लाख रोजगार देना तय किया गया था। अभी तक युवाओं को 10 लाख नौकरी एवं 39 लाख रोजगार दे दिया गया है। चुनाव से पहले ही 50 लाख से अधिक नौकरी एवं रोजगार दे दिया जायेगा। अब तय किया है कि अगले 5 वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी / रोजगार दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि बिहार का बजट लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2005-06 में नयी सरकार बनने के समय राज्य का बजट मात्र 28 हजार करोड़ रुपये था जिसे वर्ष 2006-07 में बढ़ाकर 34 हजार करोड़ रुपये किया गया और यह लगातार बढ़ते-बढ़ते अब 3 लाख 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में कुछ नये निर्णय लिये गये हैं। इसके तहत सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को मिलने वाली पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दिया गया है। इससे 1 करोड़ 12 लाख लोगों को फायदा हो रहा है। वर्ष 2018 में हर घर बिजली पहुँचा दी गयी। सरकार द्वारा शुरू से ही बहुत सस्ती दर पर बिजली दी जाती थी। अब लगभग सभी घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली मुफ्त दी जा रही है। सरकार की तरफ से सभी इच्छुक लोगों के घरों पर सोलर पैनल लगाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि हाल ही में महिलाओं के रोजगार के लिए एक नयी योजना 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' की स्वीकृति दी गयी है जिसके तहत हर घर की एक महिला को रोजगार शुरू करने के लिए 10 हजार रुपये की राशि दी जायेगी। जिनका रोजगार अच्छा चलेगा उन्हें 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जायेगी। यह काम इसी सितम्बर माह से शुरू हो जायेगा। इसके साथ ही बिहार में नये उद्योग लगाने के लिए मुफ्त जमीन एवं विशेष सहायता दी जायेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास में केन्द्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। वर्ष 2024 के केन्द्रीय बजट में बिहार को विशेष आर्थिक सहायता के रूप में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन, बाढ़ नियंत्रण के लिए बड़ी राशि देने की घोषणा की गयी। इसके साथ ही फरवरी, 2025 के केन्द्रीय बजट में बिहार में मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट की स्थापना, पश्चिमी कोसी नहर के लिए वित्तीय सहायता आदि की घोषणा की गयी है। केन्द्र सरकार द्वारा वर्ष 2018 से देश के कुछ राज्यों में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन बिहार में हुआ, जो गौरव की बात है। इन सब कामों के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का आभार प्रकट करते हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिवान जिले में विकास के सभी काम करा दिय गये हैं। इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है। महिला आई०टी०आई० एवं सभी अनुमंडलों में आई०टी०आई० की स्थापना की गयी है। जी०एन०एम० संस्थान एवं पारा मेडिकल संस्थान की स्थापना की गयी है। सिवान में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की भी स्थापना की गयी है। कर्पूरी ठाकुर पिछड़ा वर्ग छात्रावास, अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय एवं पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया गया है। सिवान जिले में अनेकों पुलों एवं पथों का निर्माण कराया गया है जिसमें मांझी-बरौली स्टेट हाइवे एवं मैरवाधाम-दरौली पथ का चौड़ीकरण तथा अयोध्या से जनकपुर तक राम जानकी पथ का निर्माण शामिल है। पश्चिमी गंडक नहर का जीर्णोद्धार का कार्य कराया गया है। इससे बड़े क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़हरिया विधान सभा क्षेत्र में अनेक काम कराये गये हैं। बड़हरिया एवं पचरूखी प्रखंड में अतिरिक्त स्वास्थ्य केन्द्र का निर्माण कराया गया है। पचरुखी में अनुसूचित जाति आवासीय बालिका उच्च विद्यालय का निर्माण कराया गया है। सिवान-बिन्दुसार-बंगरा पथ का चौड़ीकरण कराया गया है। सिवान बरहन-लकरी पथ का चौड़ीकरण कराया गया है। सिवान मशरख-शीतलपुर पथ का निर्माण कराया गया है। बड़हरिया विधानसभा में 217 ग्रामीण सड़कों एवं 1 पुल का निर्माण कराया गया है।

3 विद्युत उप केन्द्र एवं 6 कृषि फीडर का निर्माण कराया गया है। इस विधानसभा क्षेत्र में पश्चिमी गंडक नहर का जीर्णोद्धार कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के दिसम्बर एवं 2025 के जनवरी-फरवरी माह में प्रगति यात्रा के दौरान हम सिवान जिला आये थे, यहाँ जो भी कमी रह गयी थी, उसका आकलन कर 8 योजनाओं की स्वीकृति दे दी गयी है। इन योजनाओं में सिवान में बाईपास निर्माण, सिसवन ढाला में आर०ओ०बी० का निर्माण, 3 पथों का चौड़ीकरण, सिवान में नये प्रेक्षागृह का निर्माण, मैरवा में ग्रिड सब-स्टेशन का निर्माण तथा मौनिया बाबा मेला महाराज राजकीय मेला का आयोजन शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज इन सभी योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। हम सभी लोगों को कहना चाहते हैं कि इस क्षेत्र के विकास के लिए और जो काम आपलोगों को लगता है करने की जरूरत है उसे तुरंत बताएं। उसपर हमलोग काम करेंगे। उन्होंने कहा कि हमने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है। चाहे हिन्दू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो सभी के लिए काम किया गया है। मुस्लिम समुदाय के लिए भी हमने काफी काम किया है। मदरसों को सरकारी मान्यता दी गयी है एवं उनके शिक्षकों को सरकारी शिक्षकों के बराबर वेतन दिया जा रहा है।

वर्ष 2006 से ही कब्रिस्तान की घेराबंदी शुरू की गयी है। बड़े पैमाने पर कब्रिस्तानों की घेराबंदी की जा चुकी है। अब कोई झगड़ा झंझट नहीं होता है। वर्ष 2016 से 60 वर्ष से पुराने हिन्दू मंदिरों की घेराबंदी की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार का तेजी से विकास हो रहा है, आगे और ज्यादा काम होगा। मेरा सभी कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि वे घर-घर जाकर बिहार के विकास के बारे में लोगों को बतायें। कुछ ही दिनों में चुनाव होंगे, इसलिए आप सभी पूरी तरह सक्रिय रहें। हमलोग बिहार के विकास के लिए काम कर रहे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद यही सरकार फिर से बनेगी, आपलोग अपना सहयोग दें। हमलोग आपलोगों को बढ़ाएंगे और मिल-जुलकर बिहार का विकास करेंगे।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री  सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री  विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री  मंगल पांडेय, सिवान की सांसद श्रीमती विजया लक्ष्मी देवी, विधायक  कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, विधायक  देवेशकांत सिंह, पूर्व सांसद  कविता सिंह, पूर्व विधायक  रमेश सिंह कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

(For more news apart from Chief Minister Nitish Kumar addressed the workers in Siwan news in hindi, stay tuned to Rozana spokesman Hindi)