सिद्दू मूसेवाला के परिवार को इंसाफ दिलाने में पंजाब सरकार नाकाम : परगट सिंह
सरकार और पुलिस शिकायत दर्ज करके शुरू करे सख्त व पारदर्शी कार्रवाई
चंडीगढ़ : पूर्व शिक्षा मंत्री और विधायक परगट सिंह ने दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्दू मूसेवाला के माता पिता की शिकायत पर कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सिद्दू मूसेवाला के परिवार को अपनी शिकायत दर्ज करवाने के लिए एसएसपी दफ्तर के बाहर धरना देने को मजबूर होना पड़ा। उनके साथ अगर सरकार यह व्यवहार कर रही है तो आम लोगों की सुनवाई कहां होती होगी। उन्होंने कि यह पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस की कार्रवाई पर सवालिया निशाना लगाता है। यह सरकार की नाकामी की तरफ ईशारा कर रहा है।
परगट सिंह ने पंजाब सरकार और डीजीपी पंजाब पुलिस से इस मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए इस मामले में औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज करके सख्त व पारदर्शी कार्रवाई शुरू करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह मामला गंभीर है और उनको तुरंत एक्शन में आना चाहिए।
उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि एक और उनके बेटे की हत्या के मामले में जांच की धीमी गति ने उन्हें परेशान कर रखा है और दूसरी तरफ उनके व्यापारिक लेन-देन में कथित धोखाधड़ी से संबंधित उनकी शिकायत पर पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है और उनको परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिद्दू मूलेवाला का परिवार पुलिस और सरकार पर जानबूझ कर कार्रवाई न करके आरोपी को बचाने के आरोप लगा रहे हैं।