बिहार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से की मुलाकात

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, बिहार

दफादार चौकीदारों के आश्रितों की बहाली को लेकर सौंपा ज्ञापन

गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से की मुलाकात

पटना :  बिहार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने दफादार चौकीदारों से जुड़ी लंबे समय से लंबित एवं संवेदनशील समस्या को लेकर  उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री  सम्राट चौधरी जी से मुलाकात कर उन्हें एक विस्तृत पत्र सौंपा।

पासवान  ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि दफादार चौकीदारों का वर्षों से शोषण होता आ रहा है। ये चौकीदार पीढ़ी-दर-पीढ़ी अपराधियों के बीच रहकर अपराध की सूचनाएँ प्रशासन तक पहुंचाते रहे हैं, जिसके कारण उन्हें और उनके परिवार को हमेशा जान-माल का खतरा बना रहता है। सेवानिवृत्ति के बाद भी अपराधियों द्वारा बदले की आशंका रहती है।

उन्होंने बताया कि पूर्व में यह व्यवस्था थी कि सेवानिवृत्त दफादार चौकीदार के स्थान पर उनके परिवार के सदस्य को नियुक्त किया जाता था, जिससे अपराधियों में भय बना रहता था। वर्ष 1990 में दफादार चौकीदार का पद सरकारी घोषित होने के बाद आश्रितों की बहाली को लेकर असमंजस की स्थिति उत्पन्न हुई। इसके बाद वर्ष 1995 में नियम बनाकर (पत्रांक-11287, दिनांक 20.12.1995) 01.01.1990 के बाद सेवानिवृत्त दफादार चौकीदारों के रिक्त पद पर उनके आश्रितों की बहाली की व्यवस्था की गई, जो 11.11.2004 तक प्रभावी रही। बाद में उच्च न्यायालय के निर्णय के आलोक में यह व्यवस्था समाप्त कर दी गई।

मंत्री श्री पासवान ने यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 2014 में चौकीदारी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नई नियमावली बनाई गई, परंतु इसके बावजूद दफादार चौकीदारों के आश्रितों की आजीविका एवं सुरक्षा की समस्या आज भी बनी हुई है।

आगे  संजय पासवान ने  उप मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि दफादार चौकीदारों की ऐतिहासिक भूमिका, उनकी सामाजिक-सुरक्षा संबंधी चुनौतियों तथा उनके परिवारों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए आश्रितों की बहाली अथवा वैकल्पिक मानवीय व्यवस्था पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाए। इस आशय की जानकारी पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी कुंदन कुमार ने दी।