नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए सड़क कनेक्टिविटी परियोजना की समीक्षा
पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल वीडियो कॉन्फ्रेसिंग से उक्त बैठक में शामिल हुए
पटना : ग्रामीण विकास मंत्रालय की अध्यक्षता में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए सड़क कनेक्टिविटी परियोजना की समीक्षा हेतु बैठक का आयोजन किया गया। पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल वीडियो कॉन्फ्रेसिंग से उक्त बैठक में शामिल हुए। सड़क कनेक्टिविटी परियोजना (Road Connectivity Project in LWE Areas) की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान सचिव श्री पंकज कुमार पाल ने जानकारी दी कि RCPL के तहत औरंगाबाद, गया, रोहतास, नवादा मुजफ्फरपुर, जमुई, बांका एवं लखीसराय जिले में लगभग 1814 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ ही विभाग ने 72 पुलों का निर्माण कार्य भी पूर्ण कर लिया है। उन्होंने कहा कि सड़कें बेहतर स्थिति में है और सड़कों का लगातार अनुश्रवण किया जा रहा है।
इस दरम्यान सचिव ने कहा कि परियोजना के तहत शेष कार्यों को तीव्र गति से पूर्ण किया जा रहा है। 4 सड़कों जिनकी लंबाई करीब 24 किलोमीटर है और 3 पुलों का निर्माण किया जाना है। शेष कार्यों को मार्च, 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
यह परियोजना बिहार में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण है। बेहतर सड़कें न केवल आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देंगी बल्कि आवाजाही, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा तक पहुंच को भी आसान बनाएंगी। इस योजना के तहत बिहार ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।