Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोनपुर मेला-2025 का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
मुख्यमंत्री की मदद से राज्य की महिलाएं आत्मनिर्भर हुई हैं और समाज में उन्हें सम्मानजनक स्थान मिल रहा है।- जीविका दीदियों
पटना,(राकेश कुमार): मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सारण जिले के सोनपुर में लगने वाले विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2025 का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मेला एवं प्रदर्शनी क्षेत्र का अवलोकन किया। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग, आर्ट एंड क्राफ्ट ग्राम, महिला एवं बाल विकास निगम, जीविका सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों और प्रदर्शनी का जायजा लिया। स्टॉलों के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न उत्पादों के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की। इस अवसर पर उत्पाद निर्माणकर्ताओं और विक्रेताओं ने अपने उत्पाद निर्माण और उन्हें आम जनता तक पहुँचाने में सरकार द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं एवं सहायता के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
जिला सोनपुर, हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2025 के निरीक्षण के दौरान जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत मिलने वाली राशि से उन्हें काफी लाभ हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मदद से राज्य की महिलाएं आत्मनिर्भर हुई हैं और समाज में उन्हें सम्मानजनक स्थान मिल रहा है।
निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक प्रदान किए। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला परिसर में नागरिक सुविधाओं, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनपुर मेला केवल प्राचीन परंपरा का प्रतीक नहीं है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी महत्वपूर्ण आधार है। यहां हजारों छोटे व्यापारी और कारीगर अपने कलात्मक उत्पाद जैसे सजावटी सामान, पारंपरिक गहने, बर्तन, कपड़े आदि बेचने आते हैं। यह मेला स्थानीय उत्पादों को देशभर के बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी की सुविधाओं का ध्यान रख रही है और उनके विकास एवं तरक्की के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
ज्ञातव्य है कि सोनपुर मेला हर साल सारण जिले के सोनपुर में आयोजित होता है। यह मेला कार्तिक पूर्णिमा से शुरू होकर पूरे एक महीने तक चलता है। इस वर्ष इसका आयोजन 03.11.2025 से 04.12.2025 तक निर्धारित था, लेकिन बिहार विधानसभा चुनाव के कारण इसे आंशिक रूप से संशोधित कर 09.11.2025 से 10.12.2025 तक आयोजित किया जा रहा है। सोनपुर मेला ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व वाला मेला है।
गंगा और गंडक नदी के किनारे हजारों वर्षों से यह मेला आयोजित होता रहा है। बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालु नदी में स्नान कर हरिहर नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करते हैं, इसलिए इसे हरिहर क्षेत्र मेला भी कहा जाता है। स्थानीय लोगों में यह छत्तर मेला के नाम से भी प्रसिद्ध है।
सोनपुर मेला मुख्य रूप से देश का सबसे बड़ा पशु मेला माना जाता है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग यहां घोड़ा, ऊंट, गाय, भैंस, कुत्ता, तोता, मैना आदि पशु-पक्षियों की खरीद-बिक्री के लिए आते हैं।
लोगों के मनोरंजन के लिए प्रतिदिन घुड़दौड़, कुश्ती, नौकायन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं और खेलों का आयोजन किया जाता है। इसके साथ ही, संध्या के समय सांस्कृतिक कार्यक्रमआयोजित किए जाते हैं, जो न केवल जनता का मनोरंजन करते हैं, बल्कि राज्य के कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं।
बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग तथा पर्यटन विभाग द्वारा मेला के आयोजन में वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। जिला प्रशासन सारण द्वारा नागरिक सुविधाओं, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है। मेला क्षेत्र में विभिन्न सरकारी विभागों यथा ग्रामीण विकास विभाग का ग्रामश्री मण्डप, महिला एवं बाल विकास विभाग, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग तथा केन्द्रीय मंत्रालयों और प्रतिष्ठानों यथा खान मंत्रालय, कोल इंडिया लिमिटेड, सशस्त्र सीमा बल आदि के द्वारा प्रदर्शनी लगायी गयी है।
बड़ी संख्या में लोग इन्हें देखने आते हैं और सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के विषय में जानकारी प्राप्त करते हैं।निरीक्षण के दौरान ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य कौशल किशोर मिश्रा, कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव सह मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, सारण प्रमंडल के आयुक्त राजीव रौशन, पटना जिला के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., सारण जिला के जिलाधिकारी अमन समीर, पटना जिला के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा, सारण जिला के वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
(For more news apart from Chief Minister Nitish Kumar inspected the Sonepur Fair-2025 and gave instructions to the officials news in hindi, stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)