Bihar News: CM नीतीश कुमार ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम साइंस सिटी का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने वहां उपस्थित बच्चों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना के राजेंद्र नगर स्थित 21 एकड़ भूमि पर नवनिर्मित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम साइंस सिटी के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूरे परिसर के साथ-साथ अलग-अलग गैलरियों और वैज्ञानिक प्रदर्शनों का बारीकी से अवलोकन किया। (CM Nitish Kumar inspected the Dr. A.P.J. Abdul Kalam Science City news in hindi)
मुख्यमंत्री ने वहां उपस्थित बच्चों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम साइंस सिटी में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस साइंस सिटी में विज्ञान आधारित 5 गैलरी, 269 रोचक विज्ञान प्रदर्शनी, ऑडिटोरियम, 4D थिएटर तथा छात्रों और शिक्षकों के लिए डॉर्मेट्री जैसी सुविधाएँ प्रमुख आकर्षण केंद्र हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम साइंस सिटी बहुत ही उत्कृष्ट रूप से तैयार किया गया है। इसे विशिष्ट विचारों के साथ विकसित किया गया है। यह साइंस सिटी विज्ञान और नवाचार का एक आधुनिक केंद्र है, जो सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए आकर्षक है। देश में विज्ञान और प्रौद्योगिकी को समझने और जानने के लिए यह एक अनूठा और आकर्षक केंद्र है। युवा वर्ग में विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस साइंस सिटी का निर्माण किया गया है। यहां आने वाले छात्र-छात्राओं को विज्ञान की मूलभूत बातें, गतिविधियां और सिद्धांत आसानी से समझने में मदद मिलेगी और उनकी विज्ञान में रुचि बढ़ेगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव एवं मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेश पराशर, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
(For more news apart from CM Nitish Kumar inspected the Dr. A.P.J. Abdul Kalam Science City news in hindi, stay tuned to Rozanaspokesman hindi)