PM मोदी ने महिला दिवस पर दिल्ली में 33,500 करोड़ के विकास कार्यों और मेट्रो परियोजनाओं का किया उद्घाटन
पीएम मोदी ने कई योजनाओं का शिलान्यास किया।
PM Modi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली को 33,500 करोड़ रुपए की बड़ी सौगात दी। पीएम मोदी ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने सरोजिनी नगर स्थित GPRA टाइप-5 क्वार्टरों का दौरा किया और महिला आवंटियों को चाबियां सौंपीं।
पीएम मोदी ने दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन भी किया। इनमें मजलिस पार्क–मौजपुर बाबरपुर (पिंक लाइन) का लगभग 12.3 किलोमीटर और दीपाली चौक–मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) का लगभग 9.9 किलोमीटर कॉरिडोर शामिल है, जिसकी लागत 18,300 करोड़ रुपए है। नई मेट्रो कनेक्टिविटी से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा, मजलिस पार्क समेत कई इलाकों को फायदा मिलेगा।
“अब रोज़ का सफर पहले से कहीं अधिक आसान हो गया है…” दिल्ली मेट्रो के नए कॉरिडोर का उद्घाटन करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज शुरू हुए इस नए मेट्रो सेक्शन से राजधानी के लाखों लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। खासतौर पर पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लोगों के लिए रोज़मर्रा की यात्रा अब पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगी।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि दिल्ली का विकास केवल एक शहर का विकास नहीं है, बल्कि यह पूरे देश की छवि से जुड़ा हुआ है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली मेट्रो के चरण 5-A के विस्तार के तहत 16.10 किलोमीटर लंबे तीन नए मेट्रो कॉरिडोर की आधारशिला रखी। इन कॉरिडोरों में आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, एयरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1, और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज शामिल हैं।
इस विस्तार से राष्ट्रीय राजधानी के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोड़ा जाएगा, जिससे नोएडा, साउथ दिल्ली और एयरपोर्ट के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए कनेक्टिविटी और सुविधाएं काफी बेहतर होंगी।
पीएम मोदी ने इन परियोजनाओं को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा “हम एक आधुनिक और विकसित दिल्ली बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आज शुरू की गई परियोजनाएं बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी, कनेक्टिविटी में सुधार लाएंगी और शहरवासियों की जिंदगी को और आसान बनाएंगी।”
“दिल्ली का विकास सिर्फ एक शहर का विकास नहीं होता, बल्कि ये पूरे देश की छवि से जुड़ा होता है।आज जो मेट्रो का नया सेक्शन शुरू हुआ है, उससे राजधानी के लाखों लोगों को बहुत बड़ी सुविधा मिलने वाली है। खासतौर पर पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लोगों के लिए अब रोज का सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान होगा।”-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
(For more news apart from PM Modi Launches ₹33,500 Crore Development Projects in Delhi news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)