Delhi News: खुले मैनहोल में गिरकर मजदूर की गई जान, लापरवाही से मौत का मामला दर्ज
अधिकारी ने बताया कि बेगमपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 और 106 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
Delhi News: दिल्ली के बेगमपुर इलाके में खुले मैनहोल में गिरकर एक मजदूर की जान जाने के मामले में पुलिस ने लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि बेगमपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 285 (सार्वजनिक मार्ग में खतरा या बाधा उत्पन्न करना) और 106 (लापरवाही से मौत) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस को रोहिणी के सेक्टर-32 में दिल्ली विकास प्राधिकारण (डीडीए) की खाली जमीन पर बने एक मैनहोल में एक व्यक्ति के गिरने के संबंध में मंगलवार दोपहर दो बजकर 36 मिनट पर सूचना मिली।
बेगमपुर थाने की एक टीम ने दमकल विभाग की मदद से उस व्यक्ति शव मैनहोल से निकाला। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान 32 वर्षीय बिरजू कुमार राय के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, फोन कॉल करने वाले आमिर हुसैन ने बताया कि राय सोमवार शाम से लापता था।
पूछताछ के दौरान एक अन्य मजदूर बुधन दास उर्फ सूरज (33) ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात उसने और राय ने शराब पी थी और वे शाम करीब साढ़े सात बजे अपनी झुग्गी लौट रहे थे, तभी राय का संतुलन बिगड़ गया और वह खुले मैनहोल में गिर गया।
पुलिस ने बताया कि दास ने पूरी रात किसी को इस घटना की जानकारी नहीं दी और अगले दिन दोपहर में हुसैन को इस बारे में बताया। उसने बताया कि गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
(For more news apart from 32-Year-Old Labourer Dies in Open Drain news in hindi,Stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)