PM मोदी का बड़ा एलान, किसानों के लिए 35,440 करोड़ रुपये की योजनाएं शुरू, बोले-'अब बदलेंगे हालात...'
पीएम मोदी ने मतस्य पालन योजना के लिए भी करीब 693 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
PM dhan Dhanya krishi Yojana: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश के किसानों के लिए 35,440 करोड़ रुपये की दो महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की। इनमें 24,000 करोड़ रुपये की 'प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना' और 11,440 करोड़ रुपये की 'दलहन आत्मनिर्भरता मिशन' शामिल हैं। ये योजनाएं कृषि उत्पादकता बढ़ाने, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से शुरू की गई हैं। इस अवसर पर पीएम मोदी ने भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में विशेष कृषि कार्यक्रम में भाग लिया और लोकनायक जयप्रकाश नारायण को श्रद्धांजलि अर्पित की। (PM Modi announces Rs 35,440 crore worth of schemes for farmers news in hindi)
पीएम मोदी ने मतस्य पालन योजना के लिए भी करीब 693 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। फूड प्रोसेसिंग उद्योग को बढ़ावा देने के लिए करीब 800 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सरकार किसानों के बीच प्राकृतिक खेती को लोकप्रिय करने के लिए भी योजना चला रही है। विशेष कृषि कार्यक्रम में हिस्सा लेने से पहले पीएम मोदी ने विभिन्न किसानों से मुलाकात की और उनसे कृषि क्षेत्र की चुनौतियों और इस क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों पर चर्चा की।
कृषि योजनाओं के लॉन्च के बाद अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, 'आज 11 अक्टूबर का दिन बहुत ऐतिहासिक है। आज भारत माता के दो महान रत्नों की जयंती है जिन्होंने इतिहास रचा। भारत रत्न जयप्रकाश नारायण और भारत रत्न नानाजी देशमुख, ये दोनों महान सपूत ग्रामीण भारत की आवाज थे, लोकतांत्रिक क्रांति के अग्रदूत थे। वे किसानों और गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित थे। आज इस ऐतिहासिक दिन पर देश की आत्मनिर्भरता और किसानों के कल्याण के लिए दो महत्वपूर्ण नई योजनाओं का शुभारंभ किया जा रहा है।'
उन्होंने कहा 'खेती और किसानी हमेशा से हमारी विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। यह जरूरी है कि सरकार बदलते समय के साथ कृषि और खेती को समर्थन देती रहे। दुर्भाग्य से, पिछली सरकारों ने कृषि को अपने हाल पर छोड़ दिया। सरकार के पास कृषि के लिए कोई दूरदर्शिता या दृष्टिकोण का अभाव था, जिसके कारण भारत की कृषि प्रणाली लगातार कमज़ोर होती गई। हमने कृषि के प्रति पिछली सरकारों के लापरवाह रवैये को बदल दिया है।'
पीएम मोदी ने कहा कि दलहन आत्मनिर्भरता मिशन का उद्देश्य सिर्फ दालों का उत्पादन बढ़ाना नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सशक्त बनाना भी है। उन्होंने कहा कि भारतीय किसानों ने हाल के वर्षों में रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन हासिल किया है, लेकिन दालों के मामले में देश आयात पर निर्भर है। इसलिए, यह मिशन देश को दालों के मामले में आत्मनिर्भर बनाने के लिए आवश्यक है।
(For more news apart from PM Modi announces Rs 35,440 crore worth of schemes for farmers news in hindi, stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)