दिल्ली अध्यादेश पर AAP को मिला कांग्रेस का समर्थन; CM केजरीवाल ने खड़गे का जताया आभार

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, दिल्ली

केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली के लोगों का साथ देने के लिए शुक्रिया खड़गे जी।

PHOTO

New Delhi: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली अध्यादेश पर आप का समर्थन करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का सोमवार को आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर जी जान से लड़ना चाहिए।

केजरीवाल का यह बयान तब आया है जब आज बेंगलुरु में 26 विपक्षी दलों की दो दिवसीय अहम बैठक होने वाली है जिसमें 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने की संयुक्त रणनीति का एजेंडा तय किया जाएगा।

‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली के लोगों का साथ देने के लिए शुक्रिया खड़गे जी। यह अध्यादेश भारत विरोधी और राष्ट्र विरोधी है तथा इससे जी जान से लड़ना होगा।’’

भाजपा नीत केंद्र सरकार मई में दिल्ली में नौकरशाहों के तबादले और तैनाती पर अध्यादेश लेकर आयी थी, जिससे उच्चतम न्यायालय के उस फैसले का प्रभाव खत्म हो गया था, जिसमें सेवाओं पर नियंत्रण निर्वाचित सरकार को दिया गया था।

अध्यादेश में दानिक्स कैडर के ग्रुप-ए अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही और तबादलों के लिए राष्ट्रीय राजधानी सिविल सेवा प्राधिकरण स्थापित करने का प्रावधान है। उच्चतम न्यायालय के 11 मई के फैसले से पहले दिल्ली सरकार के सभी अधिकारियों के तबादले और तैनाती का शासकीय नियंत्रण उपराज्यपाल के पास था।

कांग्रेस ने रविवार को साफ किया कि वह दिल्ली में सेवाओं के नियंत्रण से संबंधित केंद्र के अध्यादेश का संसद में समर्थन नहीं करेगी और देश में ‘‘संघवाद को ध्वस्त’’ करने के केंद्र सरकार के ऐसे किसी भी प्रयास का विरोध करेगी।

‘आप’ ने कहा कि दिल्ली में प्रशासनिक सेवाओं के नियंत्रण पर केंद्र के अध्यादेश पर कांग्रेस का ‘‘स्पष्ट विरोध एक सकारात्मक घटनाक्रम है।’’ अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली पार्टी ने रविवार को घोषणा की थी कि वह बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक में भाग लेगी। ‘आप’ ने पहले कहा था कि कांग्रेस दिल्ली अध्यादेश पर अपना रुख स्पष्ट करे और उसके बाद ही वह विपक्षी दलों की अगली बैठक में भाग लेने पर फैसला करेगी।