Mann ki Baat 130th Episode: मतदाता दिवस पर PM मोदी का संदेश, कहा वोटर ही लोकतंत्र की आत्मा, स्टार्टअप इंडिया को दी सलामी

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, दिल्ली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 130वें एपिसोड में मतदाता दिवस की शुभकामनाएं दी।

In the Mann ki Baat program PM Modi said India is the world's third-largest startup ecosystem

Mann ki Baat 130th Episode:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 130वें एपिसोड में मतदाता दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि मतदाता ही लोकतंत्र की आत्मा होते हैं और लोगों से अपील की कि नए वोटर्स के लिए मिठाई बांटें।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर 2016 की तस्वीरें शेयर करने के ट्रेंड का भी ज़िक्र किया। साथ ही उन्होंने अपनी सरकार के कामों पर बात करते हुए कहा कि भारत में आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। उन्होंने बताया कि ये स्टार्टअप परंपरागत ढांचों से अलग हैं और ऐसे हैं जिनके बारे में 10 साल पहले कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।

पीएम ने भारतीय प्रडोक्ट्स को लेकर कहा कि हम सभी का एक ही मंत्र हो क्वालिटी क्वालिटी और क्वालिटी। इंडियन प्रोडक्ट का मतलब बन जाए क्वालिटी। हम संकल्प लें कि क्वालिटी से कोई समझौता नहीं होगा।

पीएम मोदी ने कहा कि जैसे हम जन्मदिन मनाते हैं, वैसे ही जब कोई युवा पहली बार वोटर बनता है, तो पूरे मोहल्ले, गांव या शहर को मिलकर उसे बधाई देनी चाहिए और मिठाई बांटनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि इससे वोटिंग के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और लोगों में यह भावना मजबूत होगी कि वोटर होना कितना महत्वपूर्ण है। इससे पहले, पीएम ने X पर वोटर्स डे से जुड़ा एक पत्र भी साझा किया था।

पीएम मोदी ने स्टार्टअप इंडिया के बारे में कहा कि AI, स्पेस, न्यूक्लियर एनर्जी, सेमीकंडक्टर, मोबिलिटी, ग्रीन हाइड्रोजन, बायोटेक्नोलॉजी—आप किसी भी सेक्टर का नाम लीजिए, आपको उस क्षेत्र में काम करने वाला कोई न कोई भारतीय स्टार्टअप जरूर मिल जाएगा।

उन्होंने उन सभी युवा दोस्तों को सलाम किया जो किसी न किसी स्टार्टअप से जुड़े हैं या अपना खुद का स्टार्टअप शुरू करना चाहते हैं।

पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में तमसा नदी के संदर्भ में कहा कि स्थानीय लोगों ने इस नदी को नया जीवन दिया है। उन्होंने बताया कि तमसा केवल एक नदी नहीं है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की एक जीवित धारा है। यह नदी, जो अयोध्या से होकर गुजरती है और गंगा में मिलती है, कभी इस क्षेत्र के लोगों के जीवन का आधार थी। हालांकि, प्रदूषण के कारण इसके प्रवाह में लगातार बाधा आ रही थी।

इसी तरह की जनभागीदारी की पहल आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में भी देखने को मिली है। यह क्षेत्र गंभीर सूखे से प्रभावित है और यहां की मिट्टी लाल और रेतीली होने के कारण पानी की कमी एक बड़ी समस्या रही है।

इस प्रयास के तहत 10 से अधिक जलाशयों को पुनर्जीवित किया गया है, जो अब धीरे-धीरे पानी से भर रहे हैं। इसके अलावा, 7,000 से अधिक पेड़ भी लगाए गए हैं, जिससे पानी संरक्षण के साथ-साथ अनंतपुर में हरियाली भी बढ़ी है।

पीएम मोदी ने कहा कि जब पर्यावरण संरक्षण की बात आती है, तो अक्सर हमारे मन में बड़ी योजनाएं, बड़े अभियान और बड़े संगठन ही आते हैं। लेकिन बदलाव की शुरुआत कई बार बहुत साधारण और छोटे कदमों से ही होती है।

पीएम मोदी ने बेनॉय दास की भी प्रशंसा की और बताया कि उन्होंने हजारों पेड़ लगाए हैं। कई बार पौधे खरीदने, उन्हें लगाने और उनकी देखभाल करने का सारा खर्च उन्होंने स्वयं उठाया। इसके साथ ही, उन्होंने मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के जगदीश प्रसाद अहिरवार के प्रयासों की भी सराहना की।

पीएम ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत अब तक देशभर में 200 करोड़ से अधिक पेड़ लगाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि यह दर्शाता है कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी है और हर कोई किसी न किसी रूप में अपना योगदान देना चाहता है।

(For more news apart from In the Mann ki Baat program PM Modi said India is the world's third-largest startup ecosystem news in hindi, stay tuned to Rozanaspokesman hindi)