77th Republic Day : PM मोदी ने शहीदों को अर्पित की श्रद्धांजलि, कहा–'भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प और सशक्त हो'

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, दिल्ली

प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रीय समर स्मारक जाकर शहीदों को कृतज्ञ श्रद्धांजलि अर्पित की।

PM Modi paid tribute to the martyrs at the National War Memorial.

77th Republic Day : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय समर स्मारक पहुंचकर कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी तथा वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह भी उपस्थित रहे। (PM Modi paid tribute to the martyrs at the National War Memorial news in hindi) 

वर्ष 1971 सहित उससे पूर्व और बाद में हुए सभी युद्धों में बलिदान देने वाले भारतीय शहीदों के नाम राष्ट्रीय समर स्मारक में अंकित हैं। सफेद पायजामे के साथ नेवी ब्लू कुर्ता, आसमानी नीली बंडी और सुनहरे प्रिंट वाला रंग-बिरंगा साफा पहने प्रधानमंत्री ने स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और इसके बाद वहां स्थित डिजिटल आगंतुक पुस्तिका में अपना संदेश भी दर्ज किया।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के माध्यम से कहा कि सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई। भारत की आन, बान और शान का प्रतीक यह राष्ट्रीय पर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नया उत्साह लेकर आए। विकसित भारत का संकल्प और अधिक सशक्त हो, यही कामना है।

उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारी स्वतंत्रता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का सशक्त प्रतीक है, जो हमें एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने यह भी उद्धृत किया— “पारतन्त्र्याभिभूतस्य देशस्याभ्युदयः कुतः। अतः स्वातन्त्र्यमाप्तव्यमैक्यं स्वातन्त्र्यसाधनम्॥”

देश आज अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। हर वर्ष की भांति इस बार भी मुख्य समारोह राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड का मुख्य विषय ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ है।

(For more news apart from PM Modi paid tribute to the martyrs at the National War Memorial news in hindi, stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)