Mahatma Gandhi की पुण्यतिथि पर PM मोदी समेत अन्य नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, स्वदेशी और अहिंसा को बताया प्रेरणा

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, दिल्ली

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम नरेंद्र मोदी ने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

President Murmu & PM Modi Pay Tribute To Mahatma Gandhi At Rajghat

Mahatma Gandhi's Death Anniversary: आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी राजघाट पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा— “राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर मेरा शत-शत नमन। पूज्य बापू का स्वदेशी पर सदैव बल रहा है, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का आधार स्तंभ है। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों को कर्तव्य पथ पर चलने के लिए हमेशा प्रेरित करता रहेगा।”

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार हैं। वह विचार, जिसे कभी एक साम्राज्य ने, कभी नफरत की विचारधारा ने और कभी अहंकारी सत्ता ने मिटाने की असफल कोशिश की।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता ने हमें आज़ादी के साथ यह मूलमंत्र दिया कि सत्ता की ताकत से बड़ी सत्य की शक्ति होती है, और हिंसा व भय से बड़ी अहिंसा और साहस। यह विचार कभी मिट नहीं सकता, क्योंकि गांधी भारत की आत्मा में अमर हैं। राहुल गांधी ने बापू को उनके शहीदी दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि हर साल 30 जनवरी को मनाई जाती है। 30 जनवरी 1948 को नई दिल्ली में नाथूराम गोडसे ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि को देशभर में शहीद दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सरदार वल्लभभाई पटेल और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बीच 1948 में हुए पत्राचार का उल्लेख करते हुए 'एक्स' पर पोस्ट किया, "महात्मा गांधी की हत्या से दो दिन पहले पंडित जवाहरलाल नेहरू ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को एक पत्र लिखा था। कुछ महीनों बाद, 18 जुलाई 1948 को, सरदार पटेल ने भी श्यामा प्रसाद मुखर्जी को पत्र लिखा।"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात कर समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में अपना श्रेष्ठ योगदान देने का आह्वान किया। योगी आदित्यनाथ ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन।''

उन्होंने लिखा, ''श्रद्धेय 'बापू' का सत्यनिष्ठ आचरण, अहिंसा की उनकी अडिग साधना और मानवता के प्रति अनन्य करुणा संपूर्ण विश्व को सदैव आलोकित करती रहेंगी।'' मुख्यमंत्री ने आह्वान किया, ''आइए, 'बापू' के आदर्शों को आत्मसात कर समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में अपना श्रेष्ठ योगदान दें।'' इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई प्रमुख लोगों ने गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

(For more news apart from President Murmu & PM Modi Pay Tribute To Mahatma Gandhi At Rajghat news in hindi, stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)