Haryana News: हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला! CM समेत कोई वीआईपी खराब मौसम में नहीं भर सकेंगे उड़ान

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, हरियाणा

अब खराब मौसम में सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं होगा।

The Chief Minister's helicopter will no longer fly in bad weather in Haryana

Haryana News: हरियाणा सरकार ने वीआईपी और वीवीआईपी उड़ानों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब खराब मौसम की स्थिति में राज्य के विशेष विमान आसानी से उड़ान नहीं भर पाएंगे। नई व्यवस्था के अनुसार मुख्यमंत्री समेत कोई भी वीआईपी मौसम संबंधी नियमों से ऊपर नहीं होगा।

नागरिक उड्डयन विभाग ने इस संबंध में टेंडर जारी कर स्पष्ट कर दिया है कि सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं किया जाएगा। सरकार ने उड़ानों के लिए अत्याधुनिक डिजिटल सिस्टम को अनिवार्य करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसमें ई-फ्लाइट प्लानिंग, रियल-टाइम मौसम अपडेट, नेविगेशन अलर्ट, फ्लाइट डिस्पैच मॉनिटरिंग और लोड कंट्रोल जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।

इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यदि मौसम निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है, तो उड़ान को स्थगित किया जा सके, चाहे वह किसी भी उच्च पदाधिकारी की ही क्यों न हो।

पिछले कुछ वर्षों में देश के विभिन्न हिस्सों में खराब मौसम के दौरान विमान और हेलीकॉप्टर हादसों की कई घटनाएं सामने आई हैं। इन्हीं घटनाओं से सीख लेकर विभाग ने एहतियाती कदम उठाए हैं, ताकि संभावित जोखिमों को पहले ही रोका जा सके। अधिकारियों का कहना है कि इस कदम का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा है, न कि उड़ानों की तात्कालिकता।

जारी किया गया टेंडर 26 फरवरी को खोला जाएगा। इसमें केवल वही कंपनियां आवेदन कर सकेंगी, जिनके पास फ्लाइट प्लानिंग, तकनीकी मॉनिटरिंग और एविएशन सपोर्ट सेवाओं का अनुभव हो।

साथ ही, कंपनियों के पास आवश्यक डिजिटल प्लेटफॉर्म, तकनीकी ढांचा और वैध दस्तावेज होना अनिवार्य होगा। डिजिटल सिग्नेचर और अन्य वैधानिक प्रमाणपत्र भी जरूरी शर्तों में शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, एविएशन क्षेत्र में अनुभव और तकनीकी क्षमता रखने वाली एजेंसियों को प्राथमिकता दी जा सकती है। सरकार का मानना है कि आधुनिक तकनीक और कड़ी निगरानी व्यवस्था के माध्यम से वीआईपी उड़ानों को और अधिक सुरक्षित बनाया जा सकेगा।

(For more news apart from The Chief Minister's helicopter will no longer fly in bad weather in Haryana news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)