हिमाचल प्रदेश : विधानसभा सत्र के बाद होगा हिमाचल मंत्रिमंडल का गठन: सुक्खू

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, हरियाणा

सुक्खू ने राज्य के नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायकों के साथ बृहस्पतिवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से उनके आवास पर मुलाकात की।

Himachal Pradesh: Himachal cabinet will be formed after assembly session: Sukhu

New Delhi : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बृहस्पतिवार को कहा कि विधानसभा सत्र के बाद मंत्रिमंडल का गठन किया जाएगा।सूत्रों का कहना है कि विधानसभा का सत्र जल्द बुलाया जाएगा। सुक्खू ने राज्य के नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायकों के साथ बृहस्पतिवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से उनके आवास पर मुलाकात की।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने खरगे से ऐसे समय मुलाकात की है जब मंत्रिमंडल के गठन को लेकर पार्टी में मंथन चल रहा है।

खरगे से मुलाकात के बाद सुक्खू ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हिमाचल में मंत्रिमंडल का गठन जल्द होगा और आप लोगों को इस बारे में सूचित कर दिया जाएगा। विधानसभा सत्र के बाद मंत्रिमंडल का गठन होगा।’’. सूत्रों के अनुसार, विधायकों के साथ मुलाकात के दौरान खरगे ने उनसे कहा कि वो एकजुट रहें और पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं की सत्ता में भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

खरगे ने यह भी कहा कि विधायक जमीनी स्तर पर जुड़े रहें और पूरी निष्ठा के साथ हिमाचल प्रदेश के लोगों की सेवा करें। कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य के पार्टी नेतृत्व से कहा कि सरकार में सभी रिक्तियों को भरा जाए और बोर्डों और निगमों में जल्द नियुक्तियां की जाएं।

खरगे के साथ मुख्यमंत्री और विधायकों की मुलाकात के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और कांग्रेस के राज्य प्रभारी राजीव शुक्ला भी मौजूद थे। सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गत रविवार को शपथ ग्रहण की थी।

खरगे से मुलाकात के बाद सुक्खू, अग्निहोत्री और पार्टी के विधायक राजस्थान रवाना हो गए जहां वो राहुल गांधी के साथ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होंगे। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को कुल 68 सीटों में से 40 सीटें मिलीं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 25 सीटें जीतीं।