खराब मौसम के कारण गृह मंत्री अमित शाह का हरियाणा दौरा रद्द, फोन से लोगों को किया संबोधित

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, हरियाणा

भाजपा की हरियाणा इकाई पिछले कुछ हफ्तों से रैली की तैयारी कर रही थी और शाह यहां पार्टी की एक बैठक को संबोधित करने वाले थे।.

Home Minister Amit Shah's visit to Haryana canceled due to bad weather, addressed people by phone

गोहाना (हरियाणा) : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हरियाणा दौरा खराब मौसम के कारण रद्द कर दिया गया। शाह, रविवार को राज्य में एक रैली को संबोधित करने वाले थे। हालांकि, उन्होंने फोन के माध्यम से रैली को संबोधित किया। शाह ने विश्वास व्यक्त किया कि 2024 के चुनावों में राज्य की सभी लोकसभा सीट पर ‘‘कमल (भाजपा का चुनाव चिह्न) खिलेगा।’’

उन्होंने कहा कि राज्य की मनोहर लाल खट्टर सरकार ने पिछले आठ वर्षों के दौरान भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई है और सभी क्षेत्रों में विकास किया है। ‘जन उत्थान रैली’ को संबोधित करते हुए शाह ने हरियाणा के लोगों से नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को वोट देने की अपील की।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं नहीं आ सका, लेकिन निकट भविष्य में मैं गोहाना आऊंगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हर लोकसभा सीट पर भाजपा का कमल खिलेगा, मुझे पूरा विश्वास है।’’ भाजपा ने 2019 में हरियाणा से लोकसभा की सभी 10 सीट पर जीत दर्ज की थी।

भाजपा की हरियाणा इकाई पिछले कुछ हफ्तों से रैली की तैयारी कर रही थी और शाह यहां पार्टी की एक बैठक को संबोधित करने वाले थे।.

गोहाना, सोनीपत जिले में पड़ता है जहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का दबदबा रहा है। रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने जातिवाद को समाप्त कर दिया है, कानून व्यवस्था में सुधार किया है और यह सुनिश्चित किया है कि राज्य में सरकारी नौकरियों की भर्ती में कोई भ्रष्टाचार न हो।.

शाह ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में जो विकास हुआ है, वह दशकों से इस राज्य में नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि अब शिक्षित सरपंच हरियाणा को आगे ले जा रहे हैं।

इससे पहले रैली को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री खट्टर ने बताया कि गृहमंत्री रैली में नहीं आ सके, क्योंकि खराब मौसम के कारण उनके (शाह के) हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई।. मुख्यमंत्री ने बताया कि शाह सड़क मार्ग से आना चाहते थे लेकिन, इसमें दो घंटे का समय लगता, इसलिए उन्होंने केन्द्रीय मंत्री को फोन के माध्यम से सभा संबोधित करने का सुझाव दिया।.

फोन के माध्यम से रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, ‘‘मैं इस रैली में आप सभी से मिलना चाहता था, लेकिन खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई।’’.

शाह ने कहा कि हेलीकॉप्टर को रवाना होने की अनुमति नहीं मिलने के बाद वह कार से आने लगे, लेकिन अधिक बारिश की आशंका के चलते हरियाणा के मुख्यमंत्री ने उनसे फोन के माध्यम से रैली को संबोधित करने का अनुरोध किया।. इस रैली में मुख्यमंत्री खट्टर, भाजपा की हरियाणा इकाई के प्रमुख ओ पी धनखड़ और राज्य के कुछ मंत्री मौजूद थे।.

खट्टर ने अपने संबोधन में 2014 में हरियाणा में अपने दम पर पहली बार भाजपा की सरकार बनाने का जिक्र किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले राज्य में भय और भ्रष्टाचार का माहौल था, लेकिन मौजूदा सरकार ने व्यवस्था को बदलने का काम किया।. खट्टर ने कहा, ‘‘हमने व्यवस्था में बदलाव लाने के लिए कई काम किए हैं और यह सुनिश्चित किया है कि किसानों, छोटे दुकानदारों, मजदूरों, गरीबों और दलितों सहित समाज के सभी वर्गों को लाभ मिले।’’.

खट्टर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन में तबादलों और भर्तियों में भ्रष्टाचार व्याप्त था।.

राज्य में बेरोजगारी बढ़ने संबंधी कांग्रेस नेताओं के आरोपों को खारिज करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने भ्रष्टाचार पर कड़ा रुख अपनाया है और ऐसे लोग हैं जो पिछली सरकार के दौरान इस तरह की गतिविधियों में लिप्त थे, वे बेरोजगार हो गए हैं।

उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के समय में जहां एक लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी गई है, वहीं लगभग 8.5 लाख लोगों को निजी क्षेत्र में रोजगार मिला है।

केंद्र और हरियाणा दोनों जगह भाजपा की सरकार होने का जिक्र करते हुए खट्टर ने कहा कि ‘‘डबल इंजन’’ सरकार पिछले आठ साल से लोगों की सेवा कर रही है। खट्टर ने कहा, ‘‘हमारी उपलब्धियों के आधार पर, हमने 2019 में फिर से सरकार बनाई।’’

वर्ष 2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 90 सीट में से 40 पर जीत दर्ज की थी। हालांकि पार्टी बहुमत से कुछ दूर रह गई थी लेकिन उसने जननायक जनता पार्टी (जजपा) के साथ गठबंधन कर सरकार बनाई। जजपा के पास मौजूदा राज्य विधानसभा में 10 सीट हैं।.

उन्होंने कहा, ‘‘सुशासन हमारा आदर्श वाक्य रहा है और हमने सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता सुनिश्चित की है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारी कई योजनाओं की केंद्र और अन्य राज्यों द्वारा भी प्रशंसा की जा रही है।’’. मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 14 फसलों की खरीद करता है और भुगतान डीबीटी प्रणाली के माध्यम से किया जाता है।.