Himachal Weather Update: ठंड का प्रकोप जारी, हिमाचल में 9 स्थानों का तापमान माइनस में, कोहरे का येलो अलर्ट

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, हिमाचल प्रदेश

10 जनवरी तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जार।

Temperatures drop below freezing point in 9 places in Himachal Pradesh

Himachal Weather Update Today: हिमाचल प्रदेश में शुष्क मौसम के बीच अब शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। इसके चलते प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बुधवार को लाहौल-स्पीति के कोकसर में 3.4 सेमी हल्की बर्फबारी हुई, जबकि मंडी, कांगड़ा, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों में शीतलहर का असर स्पष्ट रूप से देखा गया।

वहीं, बिलासपुर में घना कोहरा, पांवटा साहिब में मध्यम कोहरा और ऊना में हल्का कोहरा छाए रहने के कारण सुबह और शाम के समय लोगों को सड़क पर वाहन चलाने में कठिनाई का सामना करना पड़ा।

24 प्रमुख स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मंडी, बिलासपुर, कांगड़ा और हमीरपुर जिलों में शीतलहर का प्रभाव रहा। पहाड़ी क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों में भी कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। जैसे-जैसे मौसम साफ हो रहा है, रात के समय ठंड और बढ़ रही है। मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। जनजातीय और ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड अधिक तीव्र है। कांगड़ा सहित कई जिलों में धुंध छाई रही।

मौसम विभाग ने 8 जनवरी को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों के कुछ हिस्सों में मध्यम से घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही, प्रदेश के एक-दो स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना भी जताई गई है।

मौसम विभाग ने 12 जनवरी तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। निचले और मैदानी इलाकों में 10 जनवरी तक सुबह और देर शाम घना कोहरा छाने का यलो अलर्ट जारी किया है।

राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सुंदरनगर में 0.7, भुंतर में 0.5, कल्पा में माइनस 5.2, धर्मशाला में 4.8, ऊना में 5.8, नाहन में 5.0, पालमपुर में 2.0, सोलन में माइनस 1.1, मनाली में माइनस 1.4, कुकुमसेरी में माइनस 9.2, नारकंडा में माइनस 2.9, रिकांगपिओ में माइनस 2.0, सेऊबाग में माइनस 0.5 और ताबो में माइनस 9.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. 

(For more news apart from temperatures drop below freezing point in 9 places in Himachal Pradesh news in hindi, stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)