ट्रेड डील से भाजपा ने देश के कृषि क्षेत्र को अमेरिका को बेचा : परगट सिंह

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, पंजाब

विधायक बोले- मोदी सरकार की यूएस ट्रेड डील किसानों को सड़क पर लाने वाली

पत्रकारों को संबोधित करते हुए परगट सिंह

जालंधर : पूर्व शिक्षा मंत्री और विधायक परगट सिंह ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर केंद्र की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। प्रेसवार्ता के दौरान विधायक परगट सिंह ने कहा कि केंद्र ने इस डील के जरिए देश के कृषि क्षेत्र को अमेरिका के हाथों बेच दिया है। यह किसानों को सड़क पर लाने वाला समझौता है। देश के किसानों के हित में इसे तुरंत रद्द किया जाना चाहिए। कांग्रेस इस डील के खिलाफ देश भर में विरोध जता रही है और आम लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जा रहा है।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए परगट सिंह ने कहा कि इस डील से न सिर्फ़ किसान, बल्कि हमारे बाज़ार और ट्रेडिंग पार्टनर तक पर इसका असर पड़ेगा। लैदर इंडस्ट्री, प्लास्टिक इंडस्ट्री और कपास जैसी खेती को ज्यादा नुकसान होगा। कोई भी ट्रेड इससे बचा नहीं रहेगा। यहां तक डेयरी प्रोडक्ट्स भी अमेरिका से आएंगे। ये देश और पंजाब में बेरोज़गारी बढ़ाने के साथ-साथ गांवों की इकॉनमी भी बर्बाद करेगा। देश का पेट भरने वाले अन्नदाताओं के खिलाफ भाजपा और आरएसएस की यही सोच है। 

भाजपा की बी-टीम आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार के साथ नजर आ रही है। सिर्फ दिखावे के लिए हलका-फुलका विरोध करके लोगों को गुमराह किया जा रहा है। भाजपा लोगों को इस डील के बारे में गलत जानकारी देकर भरमां रही है। ताकि वह अपने गलत और अमेरिका में दबाव में लिए गए फैसलों को सही साबित कर सके। 

परगट सिंह ने कहा कि यह देश और पंजाब के किसानों के हित में नहीं है। कांग्रेस इसके खिलाफ पूरे देश में आंदोलन कर रही है और इस समझौते के खिलाफ किसानों व आम लोगों को एकजुट किया जा रहा है। कांग्रेस यह आंदोलन जारी रखेगी। 

उनके साथ कांग्रेस जिला प्रधान शहरी राजिंदर बेरी, विधायक हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया, सीनियर कांग्रेसी नेता राजिंदर सिंह, पूर्व विधायक सुरिंदर सिंह, सीनियर कांग्रेस नेता डॉ. नवजोत सिंह दहिया, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर सुरिंदर कौर, प्रभदयाल भगत, हमीद मसीह और अन्य मौजूद रहे।