Punjab Weather News: पंजाब में ठंड और घने कोहरे के लिए इस सीजन का पहला रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने इस सीजन में पहली बार ऐसा अलर्ट जारी किया है।
Punjab Weather Update: लोहड़ी के दिन पंजाब में भीषण ठंड को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इस सीजन में पहली बार रेड अलर्ट घोषित किया है। विभाग के अनुसार, ठंड अपने चरम पर पहुंच चुकी है और 15 जनवरी तक कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। इस दौरान राज्य के कुछ जिलों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। (The first red alert of the season has been issued in Punjab due to cold weather and dense fog news in hindi)
ठंड के कारण बठिंडा में न्यूनतम तापमान पहली बार 0.6 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जो इस सीजन में पंजाब का सबसे कम तापमान है। हालात को देखते हुए पंजाब सरकार ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार, 17 और 18 जनवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है, जिससे सूखी ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना है। वहीं, कड़ाके की ठंड को देखते हुए पंजाब सरकार ने 13 जनवरी तक स्कूल बंद रखने का फैसला किया है। स्कूल 14 जनवरी से दोबारा खुलेंगे।
मौसम विभाग के अनुसार, आज (13 जनवरी) हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटे जिलों—गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा और बठिंडा—में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा और लुधियाना में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। वहीं, पठानकोट, होशियारपुर और नवांशहर जिलों के लिए कोल्ड वेव की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि दिन के समय भी गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला और जालंधर के कुछ इलाकों में अत्यधिक ठंड महसूस की जा सकती है। हालांकि, 15 जनवरी के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है।
चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार बारिश की कमी से अभी सूखी और कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। हालांकि, कई इलाकों में धूप निकलने लगी है। ऐसे में आने वाले दिनों में दिन का तापमान बढ़ेगा। अगले तीन दिनों तक मिनिमम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री बढ़ सकता है। 15 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी इलाकों में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने की उम्मीद है, जिससे मौसम में बदलाव आना तय है। इस दौरान पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश हो सकती है। इसका असर पंजाब में महसूस होगा।
(For more news apart from The first red alert of the season has been issued in Punjab due to cold weather and dense fog news in hindi, stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)