पंजाब बाढ़ से जूझ रहा है, मुख्यमंत्री बेंगलुरु में रात्रिभोज में भाग ले रहे हैं: भाजपा नेता जाखड़

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, पंजाब

भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री होने के नाते उन्हें बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए राज्य में होना चाहिए था।

photo

होशियारपुर (पंजाब): पंजाब भाजपा के प्रमुख सुनील जाखड़ ने मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की ऐसे समय पर बेंगलुरु यात्रा करने के लिए आलोचना की जब राज्य भीषण बाढ़ से जूझ रहा है और कई इलाकों तक पहुंचना दुर्गम है। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल के साथ मान ने बेंगलुरु में एक बैठक में हिस्सा लिया जहां 26 विपक्षी दलों ने आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (इंडिया) के तहत एकजुट रहने का संकल्प लिया। 

यहां मीडिया को संबोधित करते हुए जाखड़ ने कहा कि पंजाब के लोगों को राज्य में मुख्यमंत्री की जरूरत है, जहां हाल की बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ आ गई है, लेकिन मान विपक्षी दलों के लिए आयोजित ‘रात्रिभोज’ में भाग लेने के लिए बेंगलुरु में हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री होने के नाते उन्हें बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए राज्य में होना चाहिए था। जाखड़ ने मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए पूछा कि अगर मान ‘रात्रिभोज’ में व्यस्त हैं, तो पंजाब में बाढ़ प्रभावित परिवारों को भोजन और आश्रय कौन मुहैया कराएगा।

दिल्ली में प्रशासनिक सेवाओं के नियंत्रण पर केंद्र के अध्यादेश का समर्थन नहीं करने के कांग्रेस के फैसले पर जाखड़ ने कहा कि सबसे पुरानी पार्टी और आप ने एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस को पंजाब में ‘एक सरकारी’ पार्टी कहना चाहिए।