Punjab News: भगवंत मान ने सीमा चौकी पर मारे गए दो पुलिसकर्मियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की
उन्होंने कहा, “हम अपने शहीदों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं।
Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरदासपुर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास एक चौकी में मृत पाए गए दो पुलिसकर्मियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की सोमवार को घोषणा की।
गुरदासपुर जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित अदियान गांव में तैनात एएसआई गुरनाम सिंह और होम गार्ड अशोक कुमार के शव रविवार को चौकी के अंदर मिले थे और उनके शरीर पर गोली लगी हुई थीं।
मान ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “कर्तव्य के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले एएसआई गुरनाम सिंह और पंजाब होमगार्ड के जवान अशोक कुमार की वीरता और सर्वोच्च बलिदान को सलाम। पंजाब सरकार उनके परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देगी, जबकि एचडीएफसी बैंक भी एक-एक करोड़ रुपये की अतिरिक्त बीमा राशि देगा।”
उन्होंने कहा, “हम अपने शहीदों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं। उनका बलिदान हम सभी को सम्मान और साहस के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने की प्रेरणा देता है।”
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।मामला तब सामने आया जब गांव के सरपंच कमलजीत सिंह को दोरांगला थाना प्रभारी ने सूचना दी कि दोनों पुलिसकर्मी फोन नहीं उठा रहे हैं। सुबह करीब सवा आठ बजे चेकपोस्ट पहुंचे सरपंच ने दोनों को मृत पाया और उनके शरीर पर गोली लगने के घाव थे।
पुलिस के अनुसार एएसआई का शव कुर्सी पर मिला और हाथ जेब में थे, जबकि होम गार्ड का शव चारपाई पर था।घटना के बाद खुद को तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (टीटीएच) बताने वाले संगठन के कथित पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें हत्या की जिम्मेदारी ली गई थी, हालांकि पुलिस के एक अधिकारी ने इस दावे को फर्जी बताया।
जिस इलाके में शव मिले हैं, वह सीमा पार से ड्रोन के जरिये हेरोइन और हथियारों की तस्करी के लिए संवेदनशील माना जाता है।इस बीच, शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने घटना को लेकर पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, “भगवंत मान को तुरंत हट जाना चाहिए। गृह मंत्री का पदभार भी संभाल रहे मुख्यमंत्री कानून-व्यवस्था को ताक पर रख रहे हैं। दो पुलिसकर्मियों की हत्या दिखाती है कि पंजाब में कोई सुरक्षित नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘व्यापार, उद्योग और आम लोगों को डराने के बाद अब गैंगस्टर और आतंकी संगठन सीधे पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। यह शासन नहीं, आत्मसमर्पण है।’’
(For more news apart from CM Mann announced Rs 1 crore each to the families of the two policemen killed at the border checkpoint news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)