Punjab News: कांग्रेस ने दाखा में विशाल रैली कर चुनावी बिगुल फूंका
दाखा और रायकोट में “मनरेगा बचाओ” विशाल रैलियों में हजारों लोगों की संख्या में लोग पहुंचे।
Punjab News: पंजाब कांग्रेस ने आज यहां दाखा में विशाल “मनरेगा बचाओ” महारैली आयोजित करके 2027 विधानसभा चुनावों के लिए चुनावी बिगुल फूंक दिया। इसके बाद रायकोट में भी प्रभावशाली रैली की गई।
इन रैलियों में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, मनरेगा मजदूरों और आम लोगों ने भाग लिया। रैलियों को छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया।
इस दौरान वक्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर गरीब लोगों का रोजगार छीनने की कोशिश करने का आरोप लगाया। वहीं पर, पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को भी इस मामले में स्थानीय स्तर पर ठोस कदम न उठाने के लिए घेरा गया।
नेताओं ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताते हुए, कहा कि पंजाब में गैंगस्टरों का राज चल रहा है और पंजाब पुलिस उनके साथ मिली हुई है।
कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस महासचिव संगठन और दाखा हलके के प्रभारी कैप्टन संदीप संधू द्वारा रैली के शानदार प्रबंधों की विशेष रूप से सराहना की।
इस मौके पर रैली को संबोधित करते हुए, भूपेश बघेल ने वादा किया कि कांग्रेस हर हाल में मनरेगा को दोबारा लागू करवाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 में पंजाब में कांग्रेस सरकार बनेगी और मजदूरों के अधिकार व रोजगार बहाल किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झुकने पर मजबूर करेगी और मनरेगा को उसी तरह दोबारा लागू करवाएगी, जैसे इन्हें तीन विवादित कृषि कानून वापस लेने पड़े थे।
बघेल ने कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी और राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे, तब मनरेगा पूरी तरह से दोबारा लागू की जाएगी।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार गरीबों का रोजगार छीनने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार ने गरीब और हाशिए पर रहने वाले लोगों को रोजगार देने के लिए यह कानून लागू किया था।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पंजाब की आप सरकार को भी घेरते हुए, कहा कि वह इस मुद्दे पर केवल बयानबाजी कर रही है। उन्होंने बताया कि मनरेगा लागू करने में पंजाब की आप सरकार सबसे कमजोर साबित हुई है और जरूरी रोजगार का लाभ 12 प्रतिशत लोगों तक भी नहीं पहुंच पाया।
वड़िंग ने विशेष रूप से महिलाओं से आप के लुभावने वादों से सावधान रहने की अपील करते हुए, कहा कि उन्हें हर महीने 1000 रुपये देने के नाम पर धोखा दिया गया।
पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने केंद्र सरकार पर जवानों और किसानों के अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जहां एक तरफ सेना भर्ती प्रक्रिया प्रभावित हुई है, दूसरी ओर किसानों पर काले कानून लागू किए गए और अब मनरेगा मजदूरों को रोजगार से वंचित किया जा रहा है।
बाजवा ने किसानों के कर्ज माफ करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि जब मनरेगा का 90 प्रतिशत खर्च केंद्र और केवल 10 प्रतिशत खर्च राज्य सरकार वहन करती थी, तब भी पंजाब सरकार यह छोटा हिस्सा देने में असफल रही। उन्होंने मनरेगा पर बुलाए गए विशेष सत्र का जिक्र करते हुए, कहा कि उसका कोई नतीजा नहीं निकला।
पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने राज्य में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर आप सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सबसे भ्रष्ट और डरपोक मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस गैंगस्टरों के साथ मिली हुई है।
पूर्व विधानसभा स्पीकर राणा के.पी. सिंह ने मनरेगा दोबारा लागू करने की मांग करते हुए, कहा कि भाजपा सरकार ने गरीब और पिछड़े वर्गों का काम करने का अधिकार छीन लिया है, जिसे हर हाल में बहाल किया जाना चाहिए।
इस मौके पर एआईसीसी सचिव रविंदर दलवी, सांसद डॉ. अमर सिंह, जसबीर सिंह डिंपा, गुरकीरत सिंह कोटली, पवन आदिया, सिमरजीत सिंह बैंस, बलबीर सिंह सिद्धू, हरदयाल सिंह कंबोज, गुरप्रीत सिंह कांगड़, कैप्टन संदीप संधू, संतोष सिंह भलाईपुर, काका रणदीप सिंह नाभा, अनिल जोशी, मलकीयत सिंह दाखा, जस्सी खंगूड़ा, पवन दीवान, कुलबीर सिंह जीरा, पंजाब यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मोहित मोहिंदरा, सुखपाल सिंह खैहरा, जगतार सिंह हिस्सोवाल, इंदू बाला, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेजर सिंह मुल्लांपुर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष गुरशरण कौर रंधावा, दलवीर सिंह गोल्डी, रूपिंदर सिंह रूबी गिल, विक्रम बाजवा, साधु सिंह धर्मसोत, विजय इंदर सिंह, कुलजीत सिंह नागरा, लखबीर सिंह लक्खा, कामिल अमर सिंह, कमल धालीवाल, सुमित सिंह, सुरिंदर रामगढ़ सहित कई नेता मौजूद रहे।
(For more news apart from Congress sounded the election bugle by holding a massive rally in Dakha news in hindi, stay tuned to Rozanaspokesman hindi)