PM Modi Punjab Visit: पीएम मोदी के दौरे से पहले जालंधर के तीन स्कूलों को बम धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
पीएम नरेंद्र मोदी एक फरवरी को डेरा सच्चखंड बल्लां आ रहे हैं।
PM Modi Punjab Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले जालंधर में सुरक्षा को लेकर अफरा-तफरी मच गई। शनिवार को शहर के तीन प्रमुख स्कूल पुलिस डीएवी स्कूल, कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल और एमजीएम स्कूल—को ई-मेल के जरिए बम विस्फोट की धमकी मिलने की जानकारी सामने आई।
धमकी भरे ईमेल स्कूलों को भेजे गए हैं, जिनमें डेरा बल्लां को सीधे निशाना बनाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने दोनों स्कूल परिसर में सुरक्षा जांच शुरू कर दी है और बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है। प्रधानमंत्री का डेरा बल्लां दौरा गुरु रविदास जयंती के अवसर पर रविवार को निर्धारित है।
प्रधानमंत्री करीब 40 मिनट तक डेरे में रुकेंगे। इस दौरान वह संत निरंजन दास जी से आध्यात्मिक चर्चा करेंगे और डेरे की संगत को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट-कम-अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) अमनिंदर कौर ने 30 जनवरी से एक फरवरी तक जिला जालंधर को ‘नो फ्लाइंग जोन’ घोषित किया है। प्रधानमंत्री इस दौरान डेरा सचखंड बल्लां की ओर से किए जा रहे जनहित कार्यों की भी जानकारी लेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया, ‘‘संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के शुभ अवसर पर आदमपुर हवाई अड्डे का नामकरण इस पूजनीय संत और समाज सुधारक को श्रद्धांजलि है, जिनकी समानता, करुणा और मानवीय गरिमा की शिक्षाएं भारत के सामाजिक मूल्यों को प्रेरित करती रहती हैं।’’
मोदी रविवार को आदमपुर हवाई अड्डे जाएंगे, जहां वह इसके नए नाम ‘श्री गुरु रविदास जी हवाई अड्डा’ का अनावरण करेंगे।पंजाब में विमानन अवसंरचना को और आगे बढ़ाते हुए हलवारा हवाई अड्डे का नया टर्मिनल भवन राज्य के लिए एक नया प्रवेश द्वार स्थापित करेगा, जो लुधियाना और उसके आसपास के औद्योगिक एवं कृषि क्षेत्रों की आवश्यकतओं को पूरा करेगा।
लुधियाना जिले में स्थित हलवारा में भारतीय वायुसेना का एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्टेशन भी है। लुधियाना में पहले हवाई अड्डे का रनवे अपेक्षाकृत छोटा था, जो छोटे आकार के विमानों के लिए उपयुक्त था।
कनेक्टिविटी में सुधार और बड़े विमानों को समायोजित करने के लिए, हलवारा में एक नया ‘सिविल एन्क्लेव’ विकसित किया गया है, जिसका रनवे लंबा है और ए320 जैसे विमानों की आवाजाही के लिए सक्षम है।
बयान में कहा गया, ‘‘प्रधानमंत्री के सतत और पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी विकास के दृष्टिकोण के अनुरूप, टर्मिनल में कई हरित और ऊर्जा-दक्ष सुविधाएं शामिल हैं, जिनमें एलईडी प्रकाश व्यवस्था, इन्सुलेटेड छत, वर्षा जल संचयन प्रणाली, सीवेज और जल शोधन संयंत्र तथा भूदृश्य निर्माण के लिए पुनर्चक्रित जल का उपयोग शामिल है।’’
इसमें कहा गया कि इसका स्थापत्य डिजाइन पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है, जो यात्रियों को एक विशिष्ट और क्षेत्रीय रूप से प्रेरित यात्रा अनुभव प्रदान करती है।
प्रधानमंत्री पंजाब और जालंधर के लिए बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। प्रधानमंत्री जालंधर से ही लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन भी कर सकते हैं।
(For more news apart from Bomb Threats In Jalandhar Target Dera Sachkhand Ballan, Schools Ahead Of PM Modi’s Visit news in hindi, stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)