UP: गौतम बुद्ध नगर से 23 विदेशी नागरिक गिरफ्तार

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, उत्तरप्रदेश

द गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने विदेशी नागरिकों के सत्यापन के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है।

23 foreign nationals arrested from Gautam Buddha Nagar

नोएडा : उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला पुलिस ने भारत में अवैध रूप से रह रहे 23 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें 15 पुरुष और आठ महिलाएं हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार रात को थाना सूरजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए नाइजारियाई नागरिक वीजा अवधि खत्म होने के बावजूद भारत में अवैध रूप से रह रहे थे।

थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया,“ बीती रात को पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र में स्थित एक सोसाइटी में कुछ विदेशी नागरिक अवैध रूप से निवास कर रहे हैं। इस सूचना पर थाना पुलिस ने क्षेत्रीय अधिसूचना विभाग के अधिकारियों के साथ वहां पर छापेमारी की।”

उन्होंने बताया कि इस दौरान नाईजीरिया की आठ महिलाओं समेत 23 नागरिक पकड़े गए तथा ज्यादातर लोगों के वीजा की अवधि खत्म हो गई थी जबकि कुछ लोग पासपोर्ट और वीजा भी नहीं दिखा पाए। उन्होंने बताया कि उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। 

थाना प्रभारी ने बताया कि हाल में ग्रेटर नोएडा पुलिस ने अवैध रूप से मादक पदार्थ बनाकर देश विदेश में बेचने वाले दक्षिण अफ्रीका के 13 नागरिकों को गिरफ्तार कर उनके पास से 450 करोड़ रुपये कीमत का मादक पदार्थ और इन्हें बनाने में उपयोग होने वाला कच्चा माल और उपकरण बरामद किया था।

सिंह के मुताबिक, इसके बाद गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने विदेशी नागरिकों के सत्यापन के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि ज्यादातर नाइजीरियाई युवक युवतियां अध्ययन वीजा पर भारत आए थे तथा वीजा अवधि खत्म होने के बाद वे भारत में रहकर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हो गए हैं। शुक्रवार को थाना बीटा-2 पुलिस ने नाइजीरिया के 16 नागरिकों को अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया था।