Uttar Pradesh: यूपी के जवान कैप्टन अमन सिंह की हार्टअटैक से मौत, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले थे।
Captain Aman Singh Death News: कुशीनगर के 25 वर्षीय कैप्टन अमन सिंह का जम्मू-कश्मीर में हार्ट अटैक से निधन हो गया। रविवार को बारामूला में उनकी तबीयत बिगड़ने पर साथी सैनिक उन्हें कंधों पर उठाकर हेलीपैड तक ले गए। हेलिकॉप्टर से उन्हें श्रीनगर लाया गया, लेकिन डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके। (22-year-old Army Captain Aman Singh dies of heart attack news in hindi)
अमन सिंह को एक साल पहले बारामूला में तैनात किया गया था। वह कुशीनगर की हाटा तहसील के अब्दुल हमीद नगर के रहने वाले थे और अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। सोमवार को उनका पार्थिव शरीर श्रीनगर से दिल्ली और फिर गोरखपुर एयरपोर्ट लाया गया। वहां से फूलों से सजी सेना की गाड़ी में उनका शव कुशीनगर पहुंचाया गया।
घर पहुंचते ही हजारों लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए जमा हो गए और भावुक हो गए। मां विभा, पिता यशवंत और दादी बेइला देवी रो-रोकर टूट गए। चचेरी बहन अर्पिता बार-बार भाई का चेहरा देखने की मिन्नतें करती रही, जबकि चचेरा भाई शिवेंद्र भी शव को देखकर भावुक होकर रो पड़ा।
सेना के जवान उन्हें ढांढस बंधाते नजर आए। सोमवार शाम 6 बजे सैन्य सम्मान के साथ कैप्टन अमन का अंतिम संस्कार उनके गांव के बाग में किया गया। पिता ने बेटे को मुखाग्नि दी। इस दौरान लोगों ने “भारत माता की जय” और “कैप्टन अमन अमर रहे” के नारे लगाए।
बारामूला में ड्यूटी के दौरान कैप्टन अमन की तबीयत बिगड़ गई थी। रविवार सुबह 11 बजे दुर्गम और पहाड़ी इलाके में ड्यूटी के दौरान उनकी सेहत अचानक खराब हो गई। साथी जवान उन्हें कंधों पर लेकर हैलीपैड तक पहुंचे, जहां से उन्हें हेलिकॉप्टर से श्रीनगर सेना के अस्पताल तक लाया गया।
सेना के अस्पताल में दोपहर 2 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। अमन के चाचा और शिक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सेना से सूचना मिली कि उनकी मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है।
जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह कैप्टन अमन सिंह के घर पहुंचे और परिवार को ढांढस बंधाया। इस दौरान अमन की दादी बेईला रोते-रोते बेहोश हो गईं, जिन्हें पानी पिला कर संभाला गया। प्रभारी मंत्री ने उनकी देखभाल की और उनका चेहरा साफ किया।
इसके बाद मंत्री ने अमन सिंह के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और अंतिम संस्कार स्थल तक लेकर गए, जहां उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर डीएम महेंद्र सिंह, एसपी केशव कुमार, हाटा विधायक मोहन वर्मा और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी अंतिम संस्कार में उपस्थित रहे।
(For more news apart from 22-year-old Army Captain dies of heart attack news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)