राष्ट्रपति Draupadi Murmu ने गाजियाबाद में यशोदा मेडिसिटी अस्पताल का किया उद्घाटन, रक्षा मंत्री और CM योगी रहे मौजूद
यह अस्पताल क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा: राष्ट्रपति
Uttar Pradesh: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गाजियाबाद के इंदिरापुरम में यशोदा मेडिसिटी का उद्घाटन किया और संस्थान की आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा है और यशोदा मेडिसिटी ने इस दिशा में उत्कृष्ट कार्य किया है। कोविड महामारी के दौरान भी इस संस्थान ने सराहनीय काम किया और टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके अलावा, यशोदा मेडिसिटी में 'सिस्टम फॉर टीबी एलिमिनेशन इन प्राइवेट सेक्टर' के तहत उत्तर भारत का पहला केंद्र स्थापित किया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि यशोदा मेडिसिटी सिकल सेल एनीमिया जैसी बीमारियों पर काम कर रहा है, जो जनजातीय क्षेत्रों में अधिक देखने को मिलती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह संस्थान इस दिशा में और अधिक योगदान देगा। उन्होंने अस्पताल के चेयरमैन और एमडी डॉ. पी.एन. अरोड़ा की सराहना की, जिन्होंने एक विश्वस्तरीय संस्थान स्थापित किया है जो समाज सेवा और राष्ट्र सेवा को प्राथमिकता देता है। उन्होंने अस्पताल का नाम माता यशोदा जी के नाम पर रखने को भारतीय संस्कारों और स्वदेशी भावना का उदाहरण बताया।
राष्ट्रपति मुर्मु ने अस्पताल का दौरा भी किया और कहा कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार इतना अत्याधुनिक अस्पताल देखा है, जहां एक ही छत के नीचे सभी परीक्षण और उपचार सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों का कीमती समय बचता है। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से विकास की ओर अग्रसर है और यह तभी संभव है जब देश का हर नागरिक स्वस्थ हो। उन्होंने कहा कि इस तरह की मेडिसिटी न केवल इलाज के लिए बल्कि अनुसंधान और नवाचार के लिए भी जरूरी हैं।
राष्ट्रपति ने सुझाव दिया कि यशोदा मेडिसिटी आईआईटी बॉम्बे जैसे संस्थानों के साथ मिलकर कैंसर की जीन थैरेपी जैसी स्वदेशी तकनीकों को अपनाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा राष्ट्र निर्माण का अभिन्न अंग है और सरकार इस दिशा में निरंतर काम कर रही है। राष्ट्रपति ने कहा कि निजी क्षेत्र के अच्छे स्वास्थ्य संस्थान देश के लिए अमूल्य योगदान दे सकते हैं। मेडिकल रिस्पॉन्सिबिलिटी के साथ सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी निभाना इन संस्थानों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
अंत में उन्होंने यशोदा मेडिसिटी से उम्मीद जताई कि यह 'अफोर्डेबल वर्ल्ड क्लास हेल्थ सर्विस टू ऑल' के मिशन को पूरा करेगी और देश के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराएगी। उन्होंने डॉ. पी.एन. अरोड़ा और उनकी टीम को शुभकामनाएं दीं कि वे सेवा, गुणवत्ता और नवाचार के साथ देश को गौरवान्वित करते रहें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, यशोदा मेडिसिटी के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ पीएन अरोड़ा, सीईओ डॉ उपासना अरोड़ा सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
(For more news apart from Draupadi Murmu inaugurated Yashoda Medicity Hospital in Ghaziabad news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)