CM योगी ने 'जोड़े साहिब' यात्रा में दिखाई श्रद्धा, कहा– 'गुरु परंपरा ने सिखाई त्याग और बलिदान की राह'

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, उत्तरप्रदेश

सिख समुदाय की आस्था का प्रतीक ‘चरण सुहावे गुरु चरण यात्रा’ का पवित्र जोड़ा साहिब लखनऊ में भव्य तरीके से स्वागत किया गया।

CM Yogi showed his reverence for the 'Jode Sahib' Yatra news in hindi

CM Yogi Adityanath News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुरु परंपरा ने भारत को सिर्फ आस्था ही नहीं दी, बल्कि राष्ट्र की रक्षा, सेवा और बलिदान का मार्ग भी दिखाया है। सिख समुदाय की आस्था का प्रतीक ‘चरण सुहावे गुरु चरण यात्रा’ का पवित्र जोड़ा साहिब लखनऊ में भव्य तरीके से स्वागत किया गया। यह यात्रा सिख धर्म के दसवें गुरु, श्री गुरु गोविंद सिंह जी, और माता साहिब कौर से जुड़े पवित्र जोड़ा साहिब को समर्पित है, जिसे सिख आस्था का अत्यंत पवित्र प्रतीक माना जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा " हमारी जिम्मेदारी है कि हम इस विरासत को अक्षुण्ण रखें और आने वाली पीढ़ियों तक इसकी प्रेरणा पहुंचाएं।" कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे। लखनऊ के यहियागंज गुरुद्वारे में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवाणी सुनी और यात्रा सदस्यों को पटुका पहनाकर सम्मानित किया। गुरुद्वारा कमेटी ने योगी को अंग वस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा " हमारी परंपरा में यह कहा गया है, 'जिथे जाए बहे मेरा सतगुरु, सो थान सुहावा राम राजे।' अर्थात जहां भी गुरु महाराज के पावन चरण पड़ते हैं, वह स्थान रामराज्य की तरह पवित्र और पुण्यभूमि बन जाता है। यह यात्रा हमें उस गौरवशाली गुरु परंपरा से जोड़ती है, जिसने भारत की संस्कृति, साहस और बलिदान की भावना को नई दिशा दी।"

 

योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की मौजूदगी के लिए आभार व्यक्त किया और बताया कि यह यात्रा गुरु तेग बहादुर जी महाराज के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि यह केवल श्रद्धा की यात्रा नहीं है, बल्कि यह त्याग, बलिदान और राष्ट्र समर्पण की सीख देने वाली प्रेरणादायक यात्रा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख गुरुओं का भारत की सनातन परंपरा में योगदान अविस्मरणीय है। गुरु नानक देव जी से लेकर गुरु गोविंद सिंह जी महाराज और उनके चार साहिबजादों ने जिस प्रकार धर्म, देश और मानवता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया, वह भारत के इतिहास को नई प्रेरणा देता है। 

मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग ढाई सौ वर्षों के बाद गुरु महाराज की पावन चरण पादुकाएं, जो पहले पाकिस्तान में स्थित थीं, अब पटना साहिब में स्थापित की जा रही हैं। दिल्ली से शुरू हुई यह यात्रा पूरे देश में गुरु परंपरा के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को बढ़ावा दे रही है।

योगी ने सिख समुदाय के प्रति आदर व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु परंपरा ने भारत को केवल आस्था नहीं, बल्कि राष्ट्र की रक्षा, सेवा और बलिदान का आदर्श भी दिया है। उन्होंने कहा कि हमारी जिम्मेदारी है कि हम इस विरासत को अक्षुण्ण रखें और आने वाली पीढ़ियों तक इसकी प्रेरणा पहुंचाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख समाज की यह यात्रा केवल अतीत की स्मृति नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए मार्गदर्शन है। 

उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे इस "गुरु चरण यात्रा" को राष्ट्रीय एकता और आध्यात्मिक जागरण के संदेश के रूप में आगे बढ़ाएं। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, यूपी कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परबिंदर सिंह के अलावा गुरुद्वारा कमेटी के पदाधिकारी व कई जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।  

(For more news apart from CM Yogi showed his reverence for the 'Jode Sahib' Yatra news in hindi, stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)