उत्तराखंड-नेपाल सीमा पर हादसा: बारात ले जा रही बस खाई में गिरी,13 लोगों की मौत, 34 घायल

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, उत्तराखंड

बरातियों से भरी बस गहरी खाई में गिर गई।

Baitadai wedding bus accident death toll rises to 13

Uttarakhand News: पिथौरागढ़ के झूलाघाट कस्बे के पास, भारतीय सीमा से सटे नेपाल के बैतड़ी में गुरुवार (5 फरवरी) देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में 13 बारातियों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में कई की स्थिति नाजुक बताई जा रही है, और मौत का आंकड़ा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बस बारातियों को लेकर बैतड़ी से बजांग जा रही थी।

गुरुवार देर रात, बैतड़ी के पुरचुंणी नगरपालिका 7, भवने गांव से दुल्हन को लेकर बजांग के सुनकुड़ा जा रही बस पुरचुंणी के बड़गांव मोड़ पर अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 13 लोगों की मौत हुई और 34 गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

दुर्घटना में मरने वालों में बजांग बित्थड चीर गांव पालिका निवासी केशव राज जोशी (40) अशोक राज जोशी 13, बसंत राज जोशी (35), बिष्णु दत्त जोशी (41), नरेश राज जोशी (42), बिशन दत्त जोशी (17) दीपक जोशी (28), किशन जोशी (46),  बजांग केदारस्यु गांव पालिका निवासी मोहन देव भट्ट (60) केशव भट्ट (27), बजांग जय पृथ्वी नगरपालिका निवासी बसंत राज रतला (40), बैतडी पुरचूणीं नगरपालिका निवासी पुष्पा अवस्थी (40), बैतडी पुरचूणीं नगरपालिका निवासी सुशील जोशी शामिल हैं।

जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रवक्ता, प्रहरी निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि बस दुर्घटना में छह बरातियों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इसके अलावा, पांच बरातियों की डडेलधुरा अस्पताल में और दो बरातियों की कोटिला अस्पताल में मौत हुई। घायलों में कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

बस में सामान्य से अधिक संख्या में बराती सवार थे। चढ़ाई के दौरान बस चढ़ नहीं पाई और हादसा हो गया। 25 घायल बरातियों को डडेलधुरा अस्पताल भेजा गया, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल बरातियों को धनगढी स्थानांतरित किया गया है।

(For more news apart from Baitadai wedding bus accident death toll rises to 13 news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)