Uttarakhand News: मसूरी में बाबा बुल्ले शाह की मजार पर हमला, तनाव के बीच पुलिस तैनात

Rozanaspokesman

राष्ट्रीय, उत्तराखंड

मामले में कोतवाली मेंतीन नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।

100-Year-Old Shrine Of Baba Bulleh Shah Vandalised In Uttarakhand's Mussoorie

Uttarakhand News: उत्तराखंड में आपसी सौहार्द और भाईचारे को आहत करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। मसूरी के बाबा वाला हिसार क्षेत्र में स्थित करीब 100 साल पुरानी बाबा बुल्ले शाह की मजार को अज्ञात लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। शनिवार देर शाम मजार के साथ मौजूद दो अन्य मजारों को भी तोड़ दिया गया, जबकि दानपात्र को तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। 

मजार से जुड़े लोगों के मुताबिक यह स्थल लंबे समय से आस्था का केंद्र रहा है और यहां विभिन्न समुदायों के लोग श्रद्धा के साथ आते रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बाबा बुल्ले शाह मजार समिति के सदस्य और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। मजार की स्थिति देखकर लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। समिति के सदस्यों ने इसे महज तोड़फोड़ नहीं, बल्कि शहर की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे पर सीधा हमला बताया।

बाबा बुल्ले शाह मजार समिति का कहना है कि यह मजार स्कूल की भूमि पर आपसी सहमति से स्थापित की गई थी और किसी भी तरह से सरकारी जमीन पर अतिक्रमण नहीं थी। समिति के सदस्यों ने आरोप लगाया कि यह कृत्य जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के इरादे से किया गया है। उन्होंने दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

घटना को लेकर समिति के सदस्य इसरार अहमद, शाहिद मंजूर, दानिश खान, मुंतियाज राव और शिमून सलमानी ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उनका कहना है कि मसूरी हमेशा से शांति और सौहार्द का प्रतीक रही है, लेकिन इस तरह की घटनाएं समाज में विभाजन पैदा करती हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो समिति और उसके अनुयायी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस सक्रिय हो गई। देर रात सीओ मसूरी मनोज असवाल मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने मजार का निरीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

फिलहाल क्षेत्र में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर मसूरी के सौहार्दपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा।

(For more news apart from 100-Year-Old Shrine Of Baba Bulleh Shah Vandalised In Uttarakhand's Mussoorie news in hindi, stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)