Anil Ambani पर CBI की नई कार्रवाई, ₹1,085 करोड़ बैंक धोखाधड़ी मामले में मामला दर्ज

अन्य, बिजनेस

PNB की शिकायत पर आपराधिक मामला दर्ज हुआ।

CBI registers fresh bank loan ‘fraud’ case against RCom, Anil Ambani, and others

Anil Ambani News: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने उद्योगपति अनिल अंबानी, रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (RCom) और कंपनी की एक पूर्व निदेशक के खिलाफ ₹1,085 करोड़ से अधिक की कथित बैंक धोखाधड़ी के संबंध में नया आपराधिक मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शिकायत पर की गई।

CBI ने यह मामला 5 मार्च को दर्ज किया। पंजाब नेशनल बैंक का आरोप है कि उधारकर्ताओं ने साल 2013 से 2017 के बीच दो सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के साथ धोखाधड़ी की। शिकायत के अनुसार, इस कथित घोटाले के कारण PNB और यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया (जिसका अब PNB में विलय हो चुका है) को कुल ₹1,085.19 करोड़ का नुकसान हुआ। यह FIR मुंबई में PNB की 'स्ट्रेस्ड एसेट्स मैनेजमेंट' शाखा के मुख्य प्रबंधक संतोषकृष्ण अन्नवरपु की शिकायत पर दर्ज की गई है।

FIR में अनिल अंबानी, रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड और कंपनी की पूर्व निदेशक मंजरी अशोक काकर को आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि इन लोगों ने ऋण सुविधाएं प्राप्त करने के लिए साजिश रची और बाद में ऋण राशि का दुरुपयोग किया या उसे अन्यत्र डायवर्ट (Divert) कर दिया।

2017 में NPA घोषित हुए खाते

जांच एजेंसी के अनुसार, उधारकर्ताओं ने बैंकों से ऋण लिया, लेकिन बाद में ऋण की शर्तों और वित्तीय अनुशासन का उल्लंघन किया। इसके परिणामस्वरूप 2017 में इन ऋण खातों को गैर-निष्पादित संपत्ति (NPA) घोषित कर दिया गया। इसके बाद BDO इंडिया LLP द्वारा किए गए फोरेंसिक ऑडिट में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। ऑडिट रिपोर्ट में बैंक फंड के डायवर्जन और संबंधित पक्षों के साथ संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ। इसके आधार पर फरवरी 2021 में इन खातों को ‘धोखाधड़ी’के रूप में वर्गीकृत किया गया।

CBI ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता (IPC)की धारा 120B (आपराधिक साजिश) और 420 (धोखाधड़ी) के साथ-साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act)के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। FIR में कुछ अज्ञात व्यक्तियों और सरकारी अधिकारियों को भी इस साजिश में शामिल होने के संदेह में नामजद किया गया है।

गौरतलब है कि रिलायंस कम्युनिकेशंस, जो कभी देश की बड़ी टेलीकॉम कंपनियों में शुमार थी, भारी कर्ज और वित्तीय संकट के कारण पिछले कुछ वर्षों से दिवालियापन (Insolvency) की प्रक्रिया से गुजर रही है।

(For more news apart from CBI registers fresh bank loan ‘fraud’ case against RCom, Anil Ambani, and others news in hindi stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)