Health News: सर्वाइकल कैंसर से बचाव!14 साल तक की लड़कियों के लिए सरकार ने शुरू की फ्री HPV वैक्सीनेशन ड्राइव
हर साल लगभग 1.5 करोड़ लड़कियों को मुफ्त एकल खुराक टीका लगाया जाएगा।
HPV Vaccine: सर्वाइकल कैंसर लंबे समय से महिलाओं के लिए एक बड़ी चुनौती रहा है। लेकिन अब सरकार ने इसके रोकथाम के लिए सरकारी अस्पतालों में एचपीवी वैक्सीन मुफ्त उपलब्ध कराने की शुरुआत कर दी है, जिससे कम उम्र में ही इस गंभीर बीमारी के खतरे को कम किया जा सके। फिलहाल यह टीका 9 से 14 साल तक की लड़कियों को लगाया जा रहा है।
देश के कई शहरों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी हैं और चरणबद्ध तरीके से वैक्सीनेशन अभियान शुरू हो चुका है। अभिभावकों के लिए राहत की बात यह है कि जो टीका पहले बाजार में कई हजार रुपये में उपलब्ध था, अब इसे सरकारी अस्पतालों में पूरी तरह मुफ्त दिया जाएगा। साथ ही जान लें कि इसके लिए किन दस्तावेजों की आवश्यकता होगी।
स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी अस्पतालों में एचपीवी वैक्सीनेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कई शहरों में मेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षण दिया जा चुका है और स्थानीय स्वास्थ्यकर्मियों को भी तैयार किया जा रहा है, ताकि अभियान सही तरीके से संचालित किया जा सके। यह टीका विशेष रूप से 9 से 14 साल की लड़कियों के लिए मुफ्त उपलब्ध है।
किन दस्तावेज़ों की आवश्यकता है?
वैकसीनेशन के लिए कोई जटिल प्रक्रिया पूरी करने की जरूरत नहीं है। माता-पिता या अभिभावक अपनी बेटी की उम्र प्रमाणित करने वाला दस्तावेज़ साथ लेकर अस्पताल आएँ। इसके लिए बर्थ सर्टिफिकेट, आधार कार्ड या स्कूल आईडी जैसे वैध दस्तावेज़ स्वीकार किए जा सकते हैं। इससे उम्र की पुष्टि की जा सके। फिलहाल सरकार 9-14 साल के आयु वर्ग पर ध्यान केंद्रित कर रही है, क्योंकि कम उम्र में दी गई वैक्सीन अधिक प्रभावी मानी जाती है।
किन बातों का रखें ध्यान?
सर्वाइकल कैंसर की वजह अक्सर एचपीवी संक्रमण होता है। यह वायरस गर्भाशय ग्रीवा की कोशिकाओं के डीएनए को प्रभावित करता है और समय के साथ कैंसर होने का खतरा बढ़ा सकता है। शुरुआत में इसके लक्षण स्पष्ट नहीं होते, इसलिए जागरूक रहना बहुत जरूरी है। कम उम्र में यौन सक्रिय होना जोखिम बढ़ा सकता है, खासकर जब सुरक्षा उपायों का ध्यान न रखा जाए। जिन किशोरियों या महिलाओं की इम्यूनिटी कमजोर होती है, उनमें संक्रमण लंबे समय तक रह सकता है। इसके अलावा, लंबे समय तक गर्भनिरोधक गोलियों का लगातार उपयोग भी एक जोखिम फैक्टर माना जाता है।
मार्केट में कीमत करीब 10 हजार रुपये
ओपन मार्केट में एचपीवी वैक्सीन की एक डोज की कीमत लगभग 10,000 रुपये तक होती है, जो कई परिवारों के लिए खर्चीली थी। लेकिन अब सरकारी अस्पतालों में यह टीका मुफ्त उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका सीधा लाभ उन परिवारों को मिलेगा, जो आर्थिक कारणों से वैक्सीनेशन टाल रहे थे। मुफ्त डोज मिलने से अधिक से अधिक लड़कियां सर्वाइकल कैंसर के खतरे से बच सकेंगी।
क्या है HPV टीका?
HPV (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीका एक विशेष वैक्सीन है जो HPV वायरस से सुरक्षा प्रदान करता है। यह वायरस सर्वाइकल कैंसर सहित कई अन्य कैंसरों का मुख्य कारण माना जाता है। यह वैक्सीन HPV के हानिकारक प्रकारों के खिलाफ असरदार सुरक्षा देती है, जो सर्वाइकल कैंसर के अधिकांश मामलों के लिए जिम्मेदार होते हैं। दुनियाभर में इस वैक्सीन का व्यापक उपयोग किया जा रहा है, और इसके परिणामस्वरूप कई देशों में सर्वाइकल कैंसर के मामलों में महत्वपूर्ण कमी देखी गई है।
(For more news apart from Government launches free HPV vaccination drive for girls up to 14 years of age news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)