Rahul Gandhi Germany Visit: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज से जर्मनी यात्रा पर, छह महीने में पांचवीं विदेश यात्रा
राहुल गांधी 20 दिसंबर तक जर्मनी दौरे पर रहेंगे।
Rahul Gandhi Germany Visit: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 15 से 20 दिसंबर तक जर्मनी का दौरा करेंगे। इस दौरान वह जर्मन सरकार के अधिकारियों और वहां रहने वाले भारतीय समुदाय से मुलाकात करेंगे। (Rahul Gandhi to visit Germany today news in hindi)
यह राहुल गांधी का पिछले छह महीनों में पांचवां विदेश दौरा है। इससे पहले जुलाई से सितंबर के बीच उन्होंने लंदन, मलेशिया, ब्राज़ील और कोलंबिया का दौरा किया था।
राहुल गांधी का जर्मनी दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब देश में संसद का शीतकालीन सत्र (1 से 19 दिसंबर) चल रहा है। इसको लेकर भाजपा ने भी राहुल के विदेश दौरे पर निशाना साधा था।
जर्मनी दौरे का कार्यक्रम
राहुल गांधी 17 दिसंबर को जर्मनी की राजधानी बर्लिन में आयोजित इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (IOC) के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वह यूरोप के विभिन्न देशों से आए IOC के नेताओं से मुलाकात करेंगे। IOC ने इस दौरे को पार्टी के वैश्विक संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है।
IOC के अनुसार, राहुल गांधी बर्लिन में भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान यूरोप में IOC की स्थानीय शाखाओं के प्रमुख NRI मुद्दों, कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा के विस्तार की रणनीतियों पर चर्चा करेंगे।
IOC ऑस्ट्रिया के अध्यक्ष औसाफ खान ने कहा कि संगठन गांधी की मेजबानी कर सम्मानित महसूस कर रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।
पिछले पांच साल में राहुल गांधी की विदेशी यात्राएं और उनसे जुड़े विवाद:
28 सितंबर 2025: बॉस्टन में राहुल गांधी ने भारतीय चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा था कि सिस्टम में गड़बड़ी है। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र में जितने बालिग मतदाता हैं, उनसे ज्यादा वोटिंग हुई। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने साढ़े पांच बजे तक के आंकड़े बताए, जबकि 5:30 बजे से 7:30 बजे के बीच 65 लाख वोटिंग हुई।
मई 2022: राहुल गांधी ब्रिटेन के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने CBI और ED का हवाला देते हुए भारत सरकार की तुलना पाकिस्तान सरकार से की। भाजपा ने उन पर विदेश में जाकर भारत की छवि को बदनाम करने का आरोप लगाया।
दिसंबर 2020: राहुल गांधी अपनी नानी से मिलने इटली गए। 28 दिसंबर को होने वाले कांग्रेस के स्थापना दिवस समारोह में वे शामिल नहीं हुए। इस पर विवाद हुआ और कुछ महीने बाद पंजाब, गोवा, उत्तराखंड, मणिपुर और यूपी में हुए चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन से इसे जोड़ा गया। आरोप लगाया गया कि इटली जाने के कारण उन्होंने पंजाब की रैली कैंसिल करवाई।
दिसंबर 2019: भारत में CAA के खिलाफ बड़े आंदोलन के दौरान राहुल गांधी दक्षिण कोरिया गए। इस यात्रा पर कई कांग्रेसी नेताओं ने भी सवाल उठाए।
अक्टूबर 2019: हरियाणा और महाराष्ट्र में चुनावों से सिर्फ 15 दिन पहले राहुल गांधी कंबोडिया गए। भाजपा ने इसे व्यक्तिगत दौरा बताया, जबकि कांग्रेस का कहना था कि वे मेडिटेशन के लिए गए थे।
(For more news apart from Rahul Gandhi to visit Germany today news in hindi, stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)